गोरखपुर में बिरयानी शॉप पर FSDA का छापा: बिना फूड लाइसेंस चल रही थी दुकान, लैब भेजे गए सैंपल

शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने रेलवे स्टेशन के सामने स्थित 'आलम मुरादाबादी हैदराबादी चिकन बिरयानी' शॉप पर छापेमारी कर कार्रवाई की। टीम ने चिकन बिरयानी समेत अन्य खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेज दिए हैं। शिकायत थी कि बिरयानी में स्वास्थ्य के लिए हानिकारक फूड कलर का इस्तेमाल किया जा रहा है और परोसे जा रहे मीट की गुणवत्ता भी संदिग्ध है। अब अंतिम कार्रवाई लैब रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
एफएसडीए की टीम ने मौके पर तैयार हो रही बिरयानी और अन्य खाद्य सामग्री का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच के दौरान बिरयानी में फूड कलर का इस्तेमाल पाया गया। इसके बाद नमूनों को सील कर जांच के लिए भेज दिया गया। इसी दौरान अधिकारियों को प्रतिष्ठान का वैध फूड लाइसेंस भी उपलब्ध नहीं कराया गया। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए विभाग ने संचालक के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
रिपोर्ट के आधार पर होगी कानूनी कार्रवाई
सहायक खाद्य आयुक्त सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच में हानिकारक फूड कलर, निम्न गुणवत्ता के मीट या खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित संचालक के खिलाफ एफएसएस एक्ट के तहत केस दर्ज करने सहित सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अन्य प्रतिष्ठान भी विभाग की निगरानी में
एफएसडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। त्योहारों और बढ़ती भीड़ को देखते हुए होटल, रेस्टोरेंट और फास्ट फूड आउटलेट्स की नियमित जांच की जाएगी। विभाग का कहना है कि लोगों की सेहत से समझौता करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









