नियम उल्लंघन पर GDA सख्त: 18 संस्थानों को थमाया नोटिस, आवासीय भवनों के व्यावसायिक उपयोग पर भी शिकंजा

गोरखपुर|
18 संस्थानों को थमाया नोटिस, आवासीय भवनों के व्यावसायिक उपयोग पर भी शिकंजा

गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने बिना स्वीकृत मानचित्र अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 18 संस्थानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। इनमें तीन लाइब्रेरी, पांच कंप्यूटर कोचिंग सेंटर और बुद्ध विहार आवासीय योजना में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने वाले 10 भवन शामिल हैं। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब या आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर संबंधित भवनों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।

प्राधिकरण क्षेत्र में संचालित कोचिंग संस्थानों, शैक्षणिक प्रतिष्ठानों, छात्रावासों, पेइंग गेस्ट हाउस, होटल तथा अन्य व्यावसायिक गतिविधियों की नियमित जांच की जा रही है। अभियान के दौरान रामजानकी नगर क्षेत्र में कई भवन स्वीकृत मानचित्र के विपरीत उपयोग में पाए गए। यहां श्री श्याम लाइब्रेरी, प्रभा लाइब्रेरी और वैश्रेय लाइब्रेरी को नोटिस जारी किया गया। वहीं शाही मार्केट में संचालित ACME कम्प्यूटर सेंटर, एजुकेशन वर्ल्ड, ब्रॉडवे इन्फोसिस, SVIIT तथा टैली एजुकेशन सहित पांच कंप्यूटर प्रशिक्षण संस्थानों से भी निर्धारित अवधि में अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया है।

आवासीय भवनों के व्यावसायिक उपयोग पर भी कार्रवाई

प्राधिकरण ने बुद्ध विहार आवासीय योजना में आवासीय भवनों का व्यावसायिक उपयोग करने वाले 10 भवन स्वामियों को भी नोटिस जारी किया है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि यदि भवन का उपयोग व्यावसायिक उद्देश्य से किया जा रहा है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवासीय से व्यावसायिक श्रेणी में परिवर्तन के लिए शमन मानचित्र प्रस्तुत करें। ऐसा नहीं करने या जवाब संतोषजनक न मिलने पर संबंधित भवनों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।

मानकों के उल्लंघन पर अभियान रहेगा जारी

जीडीए अधिकारियों का कहना है कि आवासीय क्षेत्रों में अनियंत्रित व्यावसायिक गतिविधियों से स्थानीय आधारभूत सुविधाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है और यह विकास प्राधिकरण के नियमों का उल्लंघन भी है। इसी कारण अवैध निर्माण, स्वीकृत मानचित्र के विपरीत उपयोग और भवन मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में नियमित निरीक्षण जारी रहेगा। नियमों का पालन न करने वालों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।