अब GDA करेगा कल्याण मंडपम की सीधी बुकिंग: टेंडर व्यवस्था खत्म, कम खर्च में मिलेंगे हॉल

गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने कल्याण मंडपम के संचालन के लिए निजी फर्मों को दिए गए टेंडर निरस्त कर दिए हैं। अब इनकी बुकिंग सीधे प्राधिकरण के माध्यम से होगी। नई व्यवस्था का उद्देश्य लोगों को कम खर्च में मांगलिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। बिछिया स्थित कल्याण मंडपम में इस नई व्यवस्था के तहत पहला कार्यक्रम भी संपन्न हो गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर GDA और नगर निगम ने शहर में कई कल्याण मंडपम का निर्माण कराया था। इनका उद्देश्य यह था कि आम लोगों को शादी-विवाह और अन्य मांगलिक आयोजनों के लिए महंगे बैंक्वेट हॉल पर निर्भर न रहना पड़े और उन्हें कम लागत में उपयुक्त स्थान उपलब्ध हो सके। हालांकि लोकार्पण के बाद इनके संचालन का जिम्मा निजी फर्मों को सौंप दिया गया था। अब GDA ने इस व्यवस्था में बदलाव करते हुए अपने स्तर से संचालन और बुकिंग शुरू कर दी है। प्राधिकरण ने मानबेला और मोहरीपुर स्थित कल्याण मंडपम के संचालन संबंधी टेंडर भी निरस्त कर दिए हैं। GDA द्वारा शहर के मानबेला, मोहरीपुर और बिछिया में कल्याण मंडपम का निर्माण कराया गया है।
दो श्रेणियों में तय किया गया किराया
प्राधिकरण ने बुकिंग के लिए दो अलग-अलग दरें निर्धारित की हैं। अंत्योदय कार्ड धारकों को 11 हजार रुपये में हॉल उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, सामान्य श्रेणी के लोगों को 21 हजार रुपये का शुल्क देना होगा। बिछिया स्थित कल्याण मंडपम में आयोजित पहला कार्यक्रम 21 हजार रुपये की निर्धारित दर पर बुक किया गया। बुकिंग 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर की जाएगी।
सजावट की व्यवस्था स्वयं कर सकेंगे आयोजक
GDA केवल हॉल और उसके सामने उपलब्ध खुले परिसर की बुकिंग करेगा। स्टेज, लाइटिंग, टेंट, कैटरिंग या अन्य सजावटी व्यवस्थाएं आयोजकों को अपनी पसंद के सेवा प्रदाताओं से स्वयं करानी होंगी। प्राधिकरण का कहना है कि इस व्यवस्था के बाद भी पूरा आयोजन लगभग 80 से 85 हजार रुपये के भीतर संपन्न किया जा सकता है, जो निजी बैंक्वेट हॉल की तुलना में काफी किफायती होगा।
बिचौलियों से बचने की अपील
GDA के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने बताया कि लोगों की सुविधा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण ने स्वयं बुकिंग की जिम्मेदारी संभाली है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी बिचौलिए के झांसे में न आने और सीधे प्राधिकरण कार्यालय पहुंचकर बुकिंग कराने की अपील की। वहीं नगर निगम के कल्याण मंडपम का संचालन फिलहाल निजी फर्मों के माध्यम से जारी है। वहां भी निर्धारित शुल्क पर बुकिंग की जा रही है। वहीं, अतिरिक्त सुविधाओं के लिए अलग से शुल्क लिया जा रहा है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









