युवती ने युवक पर लगाया ब्लैकमेल करने का आरोप: ब्रेकअप के बाद इंस्टाग्राम किया हैक, भाई को भेजे आपत्तिजनक संदेश

कैंट थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने अपने पूर्व मित्र पर सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर ब्लैकमेल करने, धमकी देने और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस में केस दर्ज कराया है। पीड़िता का कहना है कि चार महीने पहले कॉलेज में साथ पढ़ने वाले युवक से उसकी दोस्ती हुई थी। लेकिन संबंध खराब होने के बाद आरोपी ने उसका इंस्टाग्राम अकाउंट अपने कब्जे में लेकर पासवर्ड बदल दिया। इसके बाद वह अकाउंट का दुरुपयोग करते हुए युवती और उसके परिवार को परेशान करने लगा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
28 वर्षीय युवती ने पुलिस को बताया कि करीब चार महीने पहले उसकी दोस्ती कॉलेज में साथ पढ़ने वाले उज्ज्वल राय उर्फ राज राय से हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच अच्छी मित्रता हो गई। इसी दौरान आरोपी ने विश्वास में लेकर उससे इंस्टाग्राम अकाउंट का पासवर्ड हासिल कर लिया। पीड़िता के अनुसार वह अक्सर उसकी आईडी का इस्तेमाल करता था और उसने इसे सामान्य बात समझकर विरोध नहीं किया।
रिश्ता बिगड़ते ही बदला पासवर्ड
युवती का आरोप है कि समय के साथ दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे। आरोपी की रोक-टोक और व्यवहार से परेशान होकर उसने दूरी बनानी शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी ने बिना जानकारी दिए इंस्टाग्राम अकाउंट का पासवर्ड बदल दिया। जब उसने इसका कारण पूछा तो आरोपी बहाने बनाने लगा और अकाउंट वापस देने से इनकार कर दिया। इससे पीड़िता अपनी ही सोशल मीडिया आईडी का उपयोग नहीं कर सकी।
वायरल करने की दी धमकी
शिकायत के अनुसार आरोपी ने इंस्टाग्राम अकाउंट का इस्तेमाल कर युवती के भाई को आपत्तिजनक संदेश भेजे तथा गाली-गलौज और धमकियां दीं। विरोध करने पर उसने युवती की फोटो, वीडियो और निजी चैट सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी। पीड़िता का कहना है कि आरोपी उसे लगातार ब्लैकमेल कर जबरन बातचीत करने का दबाव बना रहा था। इससे उसकी सामाजिक छवि खराब होने का भी डर बना हुआ था।
शिकायत के बाद दर्ज हुई एफआईआर
युवती ने बताया कि उसने कई बार आरोपी को समझाने और अकाउंट वापस करने का अनुरोध किया। लेकिन उसने कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं दी। लगातार मानसिक प्रताड़ना और धमकियों से परेशान होकर उसने पुलिस से शिकायत की। कैंट थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की विवेचना आशीष कुमार दूबे को सौंपी गई है। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों सहित सभी पहलुओं की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









