गोरखपुर में मौसम का यू-टर्न: आंधी-बारिश से मौसम हुआ सुहाना, ठंडी हवाओं ने गायब की नौतपा की कनक

पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शहर में गुरुवार देर रात तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश हुई। बारिश का सिलसिला शुक्रवार सुबह तक जारी रहा। सुबह से ही आसमान घने बादलों से ढका रहा। शहर के कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रही। मौसम में आए इस बदलाव ने बीते कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत दी। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते शहर का मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया। जिसका असर सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर भी साफ दिखाई दिया।
शुक्रवार सुबह लोगों की शुरुआत राहत भरे मौसम के साथ हुई। तेज धूप और गर्म हवाओं से परेशान लोग बारिश के बाद बदले मौसम का आनंद लेते नजर आए। शहर के कई हिस्सों में लोगों ने घरों की छतों और पार्कों में पहुंचकर ठंडी हवाओं का लुत्फ उठाया। वहीं लगातार बदलते मौसम के कारण यातायात की रफ्तार भी कुछ समय के लिए प्रभावित रही।
गर्मी का असर हुआ कम
नौतपा के चलते पिछले कई दिनों से गोरखपुर सहित आसपास के जिलों में तेज धूप और लू जैसे हालात बने हुए थे। दिन के समय सड़कों पर निकलना मुश्किल हो रहा था। उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी थी। हालांकि शुक्रवार को बारिश और बादलों की मौजूदगी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सुबह के समय गर्मी का असर काफी कम रहा। पूरे दिन मौसम अपेक्षाकृत ठंडा एवं आरामदायक बना रहा। मेट्रोलॉजिस्ट के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके साथ ही 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि तेज हवाओं के कारण गर्मी और उमस का प्रभाव काफी हद तक कम रहेगा।
दिन भर बने रह सकते हैं बारिश के हालात
मेट्रोलॉजिस्ट ने दिन भर बादल छाए रहने और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की अपील की है। मेट्रोलॉजिस्ट के अनुसार बंगाल की खाड़ी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय मौसमीय तंत्र के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज हुई हैं। इसका प्रभाव गोरखपुर मंडल समेत आसपास के जिलों में भी देखने को मिल रहा है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगले एक-दो दिनों तक मौसम का यही रुख बना रह सकता है। जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलती रहेगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










