गोरखपुर में अब व्हाट्सएप पर भेजें जलभराव की सूचना: नगर निगम की टीम करेगी तत्काल कार्रवाई, शिकायत मिलते ही संबंधित जोन होगा अलर्ट

गोरखपुर|
नगर निगम की टीम करेगी तत्काल कार्रवाई, शिकायत मिलते ही संबंधित जोन होगा अलर्ट

जिले में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से तत्काल राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने तकनीक आधारित शिकायत व्यवस्था लागू कर दी है। अब शहर के किसी भी हिस्से में सड़क, गली या चौराहे पर पानी जमा होने की जानकारी देने के लिए लोगों को नगर निगम कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी। नागरिक केवल जलभराव की तस्वीर और संबंधित स्थान की लाइव लोकेशन नगर निगम के व्हाट्सएप नंबर 8810709390 पर भेजेंगे। शिकायत मिलते ही संबंधित जोन की टीम मौके पर पहुंचकर जलनिकासी का काम शुरू करेगी। नगर निगम ने इस नई व्यवस्था को लागू करने का निर्णय लिया।

नई व्यवस्था के तहत नगर निगम ने सभी जोन के लिए अलग मॉनिटरिंग सिस्टम तैयार किया है। कंट्रोल रूम में शिकायत प्राप्त होते ही उसे संबंधित जोन की टीम को तत्काल भेजा जाएगा। इसके बाद टीम बिना विलंब मौके पर पहुंचकर पंपिंग, नालों की सफाई अथवा आवश्यकता के अनुरूप अन्य उपायों के जरिए जलनिकासी सुनिश्चित करेगी। अधिकारियों का दावा है कि इस व्यवस्था से शिकायतों का निस्तारण पहले की तुलना में अधिक तेज, प्रभावी और पारदर्शी होगा।

प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे सूचना बोर्ड

नगर निगम इस सुविधा की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और महत्वपूर्ण मोहल्लों में बड़े सूचना बोर्ड लगाएगा। इन बोर्डों पर व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर प्रमुखता से अंकित रहेगा, ताकि लोग किसी भी समय आसानी से शिकायत दर्ज करा सकें।

नागरिकों से सहयोग की अपील

जलभराव के कारण यदि किसी क्षेत्र में गंदगी, मच्छरों का प्रकोप या जनस्वास्थ्य से जुड़ी समस्या सामने आती है तो स्वास्थ्य विभाग और प्रवर्तन दल भी तत्काल मौके पर पहुंचेंगे। जरूरत के अनुसार फॉगिंग, सैनिटाइजेशन, सफाई और अन्य आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव ने कहा कि शिकायत भेजते समय साफ फोटो और सटीक लोकेशन साझा करने से टीम बिना देरी सही स्थान पर पहुंच सकेगी। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से बरसात के दौरान जलभराव की समस्या का तेजी से समाधान किया जा सकेगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।