गोरखपुर में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बच्ची को रौंदा: साइकिल से सामान लेने जा रही थी बाजार, चालक वाहन लेकर फरार

गोरखपुर|17 मई 2026
साइकिल से सामान लेने जा रही थी बाजार, चालक वाहन लेकर फरार

गोला में शनिवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर ने 13 वर्षीय बच्ची को कुचल दिया। हादसे में बच्ची की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हादसा गोला उपनगर के पश्चिमी चौराहे के पास हुआ है। मृत बच्ची की पहचान शीतल के रूप में हुई है। वह शनिवार रात साइकिल से बाजार जा रही थी। परिवार के लिए कुछ सामान लेने निकली थी। तभी तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से उसे टक्कर मार दी।

जानकारी के मुताबिक ट्रेलर काफी तेज रफ्तार में था। वाहन उरुवा की तरफ से आ रहा था। सबसे पहले ट्रेलर ने एक खड़ी कार को टक्कर मारी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार नाले पर चढ़ गई। इसके बाद चालक वाहन लेकर भागने लगा। भागते समय ट्रेलर अनियंत्रित हो गया। संजय बिरयानी होटल के सामने शीतल साइकिल से गुजर रही थी। तभी ट्रेलर ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भयानक था कि बच्ची का सिर फट गया। आसपास मौजूद लोग तुरंत बच्ची की तरफ दौड़कर पहुंचे।

ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी मारी टक्कर

हादसे के बाद वाहन चालक आगे बढ़ते हुए उसने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी टक्कर मारी। यह हादसा यूनियन बैंक के सामने हुआ। टक्कर के बाद ट्रॉली की दिशा बदल गई। इसके बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद शुरू की। शीतल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

पिता की पहले हो चुकी है मौत

शीतल मूल रूप से कुशीनगर जिले की रहने वाली थी। वह अहिरौली बिंदुवार गांव की निवासी थी। पिता सत्यनारायण मोदनवाल की पहले ही मौत हो चुकी है। मां प्रीति तीन बच्चों के साथ भाई के घर पर रहती हैं। शीतल परिवार की सबसे छोटी संतान थी। वह कक्षा छह में पढ़ाई कर रही थी।

परिवार में मचा कोहराम

घटना के बाद परिवार बदहवास हो गया है। मां और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्थानीय लोग भी घटना से स्तब्ध दिखे। देर रात तक इलाके में लोगों की भीड़ लगी रही। परिजन आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही है। फरार ट्रेलर और चालक की तलाश जारी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

वेबसाइट पर ही पढ़ें