गोरखपुर में युवक ने मासूमों के साथ की दरिंदगी : टॉफी के लालच ने छीनी मासूमियत, पुलिस ने आरोपी को किया अरेस्ट

गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक 28 वर्षीय युवक ने मानवता की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी आकाश कुमार ने शनिवार रात लगभग आठ बजे पड़ोस में रहने वाली दो मासूम बच्चियों को निशाना बनाया। सात साल की बच्ची और उसकी चार वर्षीय चचेरी बहन को आरोपी ने टॉफी खिलाने के बहाने फुसलाकर अपने कमरे में बुलाया। जैसे ही मासूम उसके कमरे में पहुंचीं, उसने उनके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं।
सात वर्षीय बच्ची किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर रोते हुए अपनी मां के पास पहुंची और आपबीती सुनाई। जब मां और चाची बदहवास हालत में आरोपी के कमरे की ओर दौड़ीं, तो वहां का मंजर देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। आरोपी चार साल की मासूम के साथ दुष्कर्म कर रहा था, जिसे देख वह मौके से फरार हो गया। इस घृणित अपराध के बाद मासूम बच्ची की शारीरिक स्थिति काफी बिगड़ गई, जिसे तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।
प्लानिंग के तहत वारदात को दिया अंजाम
पुलिस की प्रारंभिक जांच और परिजनों के बयानों से यह स्पष्ट होता है कि आरोपी आकाश ने इस जघन्य कांड को अंजाम देने के लिए पहले से ही जमीन तैयार कर ली थी। वह मूल रूप से गोला थाना क्षेत्र के परसिया का निवासी है और मजदूरी करके अपनी आजीविका चलाता था। स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार के अनुसार, आकाश स्वभाव से अत्यंत शांत दिखता था, जिसके कारण कभी किसी को उस पर शक नहीं हुआ।
एक सप्ताह पहले पत्नी को भेज दिया मायके
चौंकाने वाली बात यह है कि घटना से ठीक एक सप्ताह पहले उसने अपनी पत्नी और छह साल की मासूम बेटी को उनके मायके भेज दिया था। घर में अकेला होने का फायदा उठाकर उसने इस घिनौनी साजिश को अंजाम दिया। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए शनिवार देर रात ही इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। रविवार को उसे विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में उसे जेल भेज दिया गया है।

जल्द दाखिल की जाएगी चार्जशीट
गोरखनाथ क्षेत्र के सीओ रवि सिंह ने पुष्टि की है कि मामले में सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने न केवल आरोपी को तत्काल अरेस्ट किया, बल्कि बच्चियों के प्राथमिक उपचार और मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया को भी संवेदनशीलता के साथ पूरा कराया। फॉरेंसिक टीम और स्थानीय पुलिस साक्ष्य जुटाने में लगी है ताकि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि चार्जशीट जल्द दाखिल की जाएगी ताकि फास्ट ट्रैक मोड में पीड़िता को न्याय मिल सके और समाज में ऐसे अपराधियों के खिलाफ एक कड़ा संदेश जाए।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










