पीपीगंज में सगाई से थोड़ी देर पहले भाग गया युवक: 6 साल से दूसरी लड़की के साथ चल रहा था सौरभ का अफेयर, कार्यक्रम का खर्च और कैश लौटाने की बात पर फरार हो गए परिजन

गोरखपुर|06 मार्च 2026
6 साल से दूसरी लड़की के साथ चल रहा था सौरभ का अफेयर, कार्यक्रम का खर्च और कैश लौटाने की बात पर फरार हो गए परिजन

पीपीगंज थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में सगाई से ठीक पहले मंगेतर फरार हो गया। कार्यक्रम में देर होने पर लड़की के भाई ने कॉल किया, तो उसकी गर्लफ्रेंड ने फोन उठाया। उसने कहा कि उसका लड़के के साथ छह साल से अफेयर है। वह तीन बार गर्भपात करा चुकी है। अब दूसरी जगह शादी कर रहा है।

इसके बाद लड़के के पिता ने कार्यक्रम का खर्च और तीन लाख कैश लौटाने की बात कही। तय हुआ कि थाने में हिसाब-किताब होगा। पीपीगंज पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। लड़की वाले आ गए, लेकिन दूल्हा और उसके परिजन फरार हो गए। इसके बाद वे फोन पर गाली-गलौज करने के साथ ही जान से मारने की धमकी देने लगे। दुल्हन की दादी ने इस शादी के लिए अपनी पेंशन से कर्ज लिया था।

यह है पूरा मामला

रघुनाथपुर के रहने वाले अखिलेश कुमार ने अपनी बहन की शादी गांव सियर टोला के रहने वाले सौरभ चौहान के पुत्र इन्द्रजीत के साथ तय की थी। सौरभ चौहान डाक विभाग गोरखपुर (रेल मेल सेवा) में कार्यरत हैं। लड़के पक्ष की ओर से 6 लाख नकद, 10 ग्राम सोने की माला और 5 ग्राम सोने की अंगूठी की मांग की गई थी, जिस पर सहमति बनी थी। 13 फरवरी को सगाई थी। एक मई को तिलक और 5 मई को शादी होनी थी। सगाई के लिए पीपीगंज स्थित न्यू एमएल पैलेस मैरेज हाल एक लाख रुपये में (बुकिंग सहित अन्य तैयारियों) के लिए बुक कराया गया था। यहां सारी व्यवस्थाएं की गईं थीं।

5-6 सालों से है प्रेम संबंध

सगाई के लिए समय पर वर पक्ष के न पहुंचने पर सौरभ चौहान के मोबाइल पर संपर्क किया गया। फोन एक लड़की ने उठाया। उसने कहा, उसका सौरभ चौहान से पिछले 5-6 सालों से प्रेम संबंध है। उसने सौरभ के साथ अपने संबंधों के प्रमाण के तौर पर फोटो, वीडियो और बातचीत की रिकॉर्डिंग भेजी।

तीन बार दवा देकर करा चुका गर्भपात

प्रेमिका ने रोते हुए बताया कि सौरभ तीन बार दवा देकर गर्भपात करा चुका है। उसने कई फोटो, वीडियो और सबूत भेजते हुए शादी न करने की गुहार लगाई। प्रेमिका ने यह भी बताया कि उसने सुबह ही सौरभ का फोन छीन लिया था। बाद में दूल्हे के भाई और बहन ने उससे फोन वापस ले लिया, लेकिन सिम कार्ड प्रेमिका ने अपने पास रख लिया था। लड़की के भाई अखिलेश कुमार ने बताया, हमने यह बात सौरभ के पिता इन्द्रजीत चौहान को बताई, शुरुआत में उन्होंने अपनी गलती मानी। बाद में सौरभ चौहान अपने परिजनों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा। दोनों पक्षों के बीच बातचीत में सौरभ चौहान ने युवती के साथ संबंध होने की बात स्वीकार की। इस पर हमने सगाई और शादी न करने का निर्णय लिया। बातचीत में तय हुआ कि मैरेज हॉल की बुकिंग का खर्च 4.45 लाख और पहले दिए गए तीन लाख रुपया लड़का पक्ष वापस करेगा। पैसा पीपीगंज थाने में लौटाया जाएगा।

लड़के वालों ने जान से मारने की धमकी दी

इसके बाद सौरभ चौहान, उसके पिता इन्द्रजीत चौहान और अन्य परिजन वहां से चले गए और थाने पर नहीं पहुंचे। आरोप है कि फोन करने पर लड़का पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। अब पैसा वापस करने से इनकार कर रहे हैं। पुलिस ने मंगेतर के फरार होने के बाद थाने पहुंचे उसके कथित बहनोई और दो दोस्तों को थाने में बिठाया है। लड़के को बुलाया जा रहा है। लड़की वालों ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले में पीपीगंज थाना पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।