जमीन विवाद ने ली युवक की जान: ऑटो चालक की पीट-पीटकर हत्या, कहासुनी के बाद भड़का विवाद

सिकरीगंज थाना क्षेत्र के ढखवां गांव में पुराने जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गई। जिसमें 26 वर्षीय ऑटो चालक पिंटू साहनी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। इलाके में लगातार निगरानी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ढखवां गांव निवासी पिंटू साहनी का गांव के कुछ लोगों के साथ लंबे समय से भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। देर रात इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कुछ ही देर में मामला हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि विरोधी पक्ष के लोगों ने पिंटू साहनी को घेर लिया। उस पर लाठी-डंडों, ईंटों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में उसे गंभीर चोटें आईं। वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। परिजनों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने की तैयारी की। तब तक उसकी हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी। गंभीर चोटों के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पूरे गांव में तनाव फैल गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही सिकरीगंज थानाध्यक्ष अंजुल कुमार चतुर्वेदी और क्षेत्राधिकारी खजनी विवेक कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित किया। बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य भी जुटाए। क्षेत्राधिकारी विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुराने जमीनी विवाद से जुड़ा पाया गया है। मृतक के परिजनों की एप्लीकेशन के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपियों को अरेस्ट कर लिया जाएगा।
गांव में बढ़ाई गई सुरक्षा
हत्या की घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस लगातार गश्त कर रही है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









