सहजनवा में नाबालिग से रेप: दोस्तों ने बनाई अश्लील वीडियो, आधी रात खेत में बुलाकर प्रेमी ने की दरिंदगी

गोरखपुर|08 जून 2026
दोस्तों ने बनाई अश्लील वीडियो, आधी रात खेत में बुलाकर प्रेमी ने की दरिंदगी

सहजनवा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली और बेहद शर्मनाक वारदात सामने आई है। यहां एक गांव की रहने वाली 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी अपने ही कथित प्रेमी की दरिंदगी और ब्लैकमेलिंग का शिकार हो गई। आरोपी युवक ने न सिर्फ किशोरी के भरोसे का कत्ल करते हुए उसके साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया। साथ ही इस घिनौने कृत्य में अपने दोस्तों को भी साझीदार बनाया। जिन्होंने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

घटना के बाद से ही आरोपी पीड़िता को वीडियो इंटरनेट मीडिया (सोशल मीडिया) पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार प्रताड़ित कर रहा था। भय और डिप्रेशन के कारण पीड़िता दो दिनों तक पूरी तरह खामोश रही। लेकिन जब मुख्य आरोपी ने दबाव बनाने के लिए उसके व्हाट्सएप पर ही वह अश्लील क्लिप भेज दी। तब पीड़िता ने परिजनों को पूरी आपबीती बताई। पीड़िता की मां की तहरीर और पुलिस की प्रारंभिक जांच के आधार पर मुख्य आरोपी सहित तीन युवकों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।

डिजिटल एविडेंस से खुला राज

घटना पांच जून की रात को हुई थी। जब मुख्य आरोपी आशीष निषाद ने पीड़िता को बहला-फुसलाकर गांव के सिवान मिलने के लिए बुलाया था। वहां पहले से मौजूद आशीष के दो दोस्तों, दीपक और आर्यन, को देखकर किशोरी घबरा गई थी। लेकिन आशीष ने उन्हें अपना भरोसेमंद दोस्त बताकर उसे शांत करा दिया। इसके बाद बातचीत के बहाने आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जबकि उसके दोनों दोस्त इस वारदात को अपने स्मार्टफोन में कैद करते रहे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने और वीडियो लीक करने की धमकी देकर भगा दिया। इसके बाद आरोपी आशीष ने पीड़िता पर दोबारा मिलने का मानसिक दबाव बनाया। पीड़िता ने मिलने से साफ इंकार कर दिया, तो आरोपी ने रेप का वीडियो सीधे किशोरी के मोबाइल फोन पर भेज दिया। जिसे देखकर पीड़िता बुरी तरह सहम गई। उसने रोते हुए अपने परिजनों को पूरी आपबीती बताई। वीडियो देखते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। जिसके बाद उन्होंने बिना देरी किए तुरंत डायल-112 पर पुलिस को इसकी सूचना दी।

आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

मामले की संवेदनशीलता और पीड़िता के नाबालिग होने की गंभीरता को देखते हुए पीआरवी और सहजनवा थाना पुलिस भारी बल के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंच गई। जांच के दौरान पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों को अपने व्हाट्सएप पर आए वीडियो और फोटो दिखाए। जिसके बाद पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए पीड़िता को अपनी सुरक्षा में लिया। इस मामले में क्षेत्राधिकारी (सीओ) गीडा, योगेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की लिखित शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी आशीष निषाद के खिलाफ रेप और दीपक और आर्यन के विरुद्ध अपराध में सहयोग करने, वीडियो बनाने और आईटी एक्ट के तहत नामजद केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पीड़िता को चिकित्सकीय परीक्षण (मेडिकल एग्जामिनेशन) के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। जहां डॉक्टरों की टीम उसकी जांच कर रही है। सीओ ने आश्वस्त किया है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।