गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर शुरू हुई आधुनिक मल्टी लेवल पार्किंग: एक साथ सैकड़ों वाहनों की होगी पार्किंग, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

रेलवे यात्रियों और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर आधुनिक मल्टी लेवल पार्किंग सुविधा शुरू कर दी गई है। आम जनता के लिए खोले जा रहे इस पार्किंग परिसर का फिलहाल ग्राउंड फ्लोर संचालित होगा। वहीं शेष हिस्सों का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसकी क्षमता और सुविधाओं में विस्तार किया जाएगा। रेलवे प्रशासन का दावा है कि इस नई व्यवस्था से स्टेशन परिसर में अनियंत्रित पार्किंग की समस्या कम होगी। यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित तथा आधुनिक पार्किंग सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
रेलवे द्वारा विकसित इस मल्टी लेवल पार्किंग परिसर में दोपहिया, तिपहिया और चार पहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है। लगभग दो हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित इस सुविधा में एक समय में करीब 800 से 1000 मोटरसाइकिलों के अलावा बड़ी संख्या में अन्य वाहन भी खड़े किए जा सकेंगे। स्टेशन डायरेक्टर रतनदीप गुप्ता ने बताया कि फिलहाल ग्राउंड फ्लोर को आम जनता के उपयोग के लिए खोला जा रहा है। शेष निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद पार्किंग को पूर्ण क्षमता के साथ संचालित किया जाएगा।
गेट नंबर-6 से होगा प्रवेश
रेलवे प्रशासन के अनुसार पार्किंग परिसर में प्रवेश के लिए यात्रियों और वाहन चालकों को स्टेशन के गेट नंबर-6 का उपयोग करना होगा। इसी मार्ग से वाहनों की एंट्री और पार्किंग परिसर तक पहुंच सुनिश्चित की गई है। पार्किंग संचालन को सुचारु बनाने के लिए आवश्यक संकेतक और दिशा-निर्देश भी लगाए गए हैं।
समय के अनुसार तय किया गया शुल्क
रेलवे ने विभिन्न श्रेणी के वाहनों के लिए समयावधि आधारित पार्किंग शुल्क निर्धारित किया है। छह घंटे तक साइकिल के लिए 10 रुपये, मोटरसाइकिल एवं स्कूटर के लिए 20 रुपये, तिपहिया वाहन के लिए 30 रुपये तथा चार पहिया वाहन के लिए 40 रुपये शुल्क तय किया गया है। इसी प्रकार 12 घंटे और 24 घंटे तक की पार्किंग के लिए अलग-अलग दरें निर्धारित की गई हैं। नियमित उपयोगकर्ताओं की सुविधा के लिए मासिक पास की व्यवस्था भी शुरू की गई है। वहीं रेलवे कर्मचारियों को विशेष रियायती दरों का लाभ मिलेगा।
हेलमेट सुरक्षा और स्मार्ट प्रबंधन की सुविधा
पार्किंग परिसर में हेलमेट सुरक्षित रखने की व्यवस्था भी की गई है। जिसके लिए नाममात्र का शुल्क निर्धारित किया गया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि नई पार्किंग सुविधा स्टेशन क्षेत्र में यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाएगी। यात्रियों को वाहन खड़ा करने के लिए सुरक्षित एवं आधुनिक विकल्प उपलब्ध कराएगी। प्रशासन ने नागरिकों से निर्धारित नियमों का पालन करते हुए इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है। नई व्यवस्था को स्टेशन आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










