मोहद्दीपुर पेट्रोल पंप पर कम तेल का आरोप: दो लीटर में मिला 150 ML कम पेट्रोल, डीएसओ ने दिए जांच के कड़े निर्देश

गोरखपुर|41 मिनट पहले
दो लीटर में मिला 150 ML कम पेट्रोल, डीएसओ ने दिए जांच के कड़े निर्देश

मोहद्दीपुर स्थित भारत पेट्रोलियम के एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल की कम मात्रा दिए जाने के आरोप को लेकर काफी देर तक हंगामा होता रहा। दो लीटर स्पीड पेट्रोल खरीदने वाले एक ग्राहक ने मात्रा कम होने की शिकायत की। मौके पर हुई प्रारंभिक जांच में 150 मिलीलीटर पेट्रोल कम मिलने का आरोप लगा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। पुलिस पहुंचने पर ग्राहक को पूरी मात्रा उपलब्ध कराई गई। जिला आपूर्ति अधिकारी ने मामले की जांच कराने की बात कही है।

कूड़ाघाट निवासी भूपेंद्र सिंह पंप पर पहुंचे और 222.62 रुपये का दो लीटर स्पीड पेट्रोल भरवाया। उन्हें मात्रा कम होने का संदेह हुआ तो उन्होंने जांच की मांग की। आरोप है कि पहले कर्मचारियों ने बाइक से पेट्रोल निकालकर नापने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोबारा दो लीटर पेट्रोल लेकर प्लास्टिक के 500 एमएल वाले जार से माप किया गया। इसमें कुल 150 मिलीलीटर पेट्रोल कम निकला। विरोध के बाद कार्यवाहक प्रबंधक राहुल वर्मा शीशे का मानक माप पात्र लेकर आए। उसमें माप करने पर मात्रा पूरी मिली। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस हुई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

35 मिनट बाद पहुंची पीआरवी

भूपेंद्र सिंह ने बताया कि विवाद बढ़ने पर उन्होंने डायल-112 पर दो बार कॉल की, जिसके करीब 35 मिनट बाद पीआरवी मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में कम बताए गए पेट्रोल की भरपाई की गई। कार्यवाहक प्रबंधक राहुल वर्मा ने कहा कि प्लास्टिक का जार मानक नहीं था और उसी वजह से अंतर दिखाई दिया, जबकि शीशे के जार से माप सही निकला। पंप संचालक अनिल कुमार शाही ने भी कहा कि मानक जांच केवल शीशे के जार से ही की जाती है। उन्होंने पूरा पेट्रोल देने का दावा किया। उधर, जिला आपूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। उल्लेखनीय है कि इसी पंप पर 22 अप्रैल 2026 को भी अतिरिक्त राशि वसूलने का आरोप लग चुका है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।