खेत में मिली नवजात बच्ची की बॉडी: लाल कपड़े में लिपटी थी बॉडी, पास में मिली पूजा सामग्री

गोरखपुर|2 घंटे पहले
लाल कपड़े में लिपटी थी बॉडी, पास में मिली पूजा सामग्री

खजनी थाना क्षेत्र के पिपरा गंगा गांव में एक खेत से नवजात बच्ची की बॉडी मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बच्ची की बॉडी लाल रंग के कपड़े में लिपटी हुई थी। बॉडी के पास चूड़ी, बिंदी, सिंदूर, कंघी, शीशा, आलता, बालू और मिठाई का डिब्बा जैसी सामग्री भी मिली। जिससे घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार माल्हनपार मार्ग के समीप स्थित पिपरा गंगा गांव के सिवान में बरी गांव निवासी मोले साहनी के घर के पीछे स्थित खेत में एक लाल कपड़े में लिपटी वस्तु दिखाई दी। इसे देखकर आसपास मौजूद लोगों की उत्सुकता बढ़ी। मौके पर पहुंचीं सुभाष साहनी की पत्नी ने जब पास जाकर देखा तो उसमें एक नवजात बच्ची की बॉडी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 और खजनी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।

पूजा सामग्री मिलने से उठे कई सवाल

बॉडी के साथ पूजा-पाठ में प्रयुक्त होने वाली सामग्री मिलने से ग्रामीणों के बीच विभिन्न प्रकार की चर्चाएं होती रहीं। कुछ लोग इसे अंधविश्वास या तंत्र-मंत्र से जोड़कर देख रहे थे। वहीं कुछ ने नवजात की मौत के कारणों को लेकर सवाल उठाए। ग्रामीणों का अनुमान है कि बच्ची का जन्म दो से तीन दिन पहले हुआ होगा। क्योंकि बॉडी के साथ गर्भनाल के अवशेष भी दिखाई दिए। हालांकि पुलिस ने किसी भी संभावना पर टिप्पणी करने से इंकार किया है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

जांच में जुटी पुलिस

प्रभारी निरीक्षक डी.एन. सरोज ने बताया कि नवजात बच्ची की बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले की जांच की जा रही है। उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।