गोरखपुर में दबंगों ने सफाईकर्मी महिला से की छेड़खानी: परिवार से की मारपीट, थाने पहुंचकर सफाईकर्मियों ने जताया विरोध

गोरखपुर|
परिवार से की मारपीट, थाने पहुंचकर सफाईकर्मियों ने जताया विरोध

गोरखनाथ इलाके में सफाईकर्मी महिला से छेड़खानी के विरोध के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि युवकों ने महिला, उसके पति और बेटे के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे वार्ड-58 के पार्षद के साथ भी आरोपियों ने हाथापाई की। घटना से नाराज पीड़ित परिवार, पार्षद और बड़ी संख्या में सफाईकर्मी रविवार दोपहर गोरखनाथ थाने पहुंचे। लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

रसूलपुर भट्टा इलाके में शनिवार दोपहर करीब दो बजे कुछ युवकों ने सफाईकर्मी महिला से कथित तौर पर छेड़खानी की। महिला और उसके परिवार ने इसका विरोध किया तो आरोपी विवाद पर उतर आए। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोपियों ने महिला, उसके पति और बेटे के साथ मारपीट कर दी। आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद शाम तक स्थिति सामान्य रही।

रात में फिर पहुंचे युवक

आरोप है कि शनिवार रात करीब 11 बजे वही युवक दोबारा मौके पर पहुंचे और फिर विवाद शुरू कर दिया। इस दौरान महिला, उसके पति और बेटे के साथ दोबारा मारपीट की गई। सूचना मिलने पर वार्ड-58 के पार्षद मौके पर पहुंचे और विवाद शांत कराने की कोशिश की। आरोप है कि बीच-बचाव के दौरान युवकों ने पार्षद के साथ भी हाथापाई कर दी। इसके बाद मामला और गंभीर हो गया।

सख्त कार्रवाई की मांग की

घटना की जानकारी फैलने के बाद रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे पीड़ित परिवार के साथ पार्षद और बड़ी संख्या में सफाईकर्मी गोरखनाथ थाने पहुंचे। सफाईकर्मियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस के सामने अपना विरोध दर्ज कराया। लोगों का कहना था कि मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

उपनिरीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।