गोरखपुर में प्रेम प्रसंग का विवाद: युवक को पीटकर रजाई के खोल में बांधा, नाले किनारे मिला बेहोश

सहजनवा थाना क्षेत्र में दो दिन से लापता युवक कोटिया ताल के पास रजाई के खोल में बंधा मिला। ग्रामीणों ने खोल खोलकर देखा तो उसमें राम प्रवेश साहनी बेहोशी की हालत में पड़ा था। उसकी पहचान क्षेत्र के ही निवासी के रूप में हुई। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
परिजनों के मुताबिक, राम प्रवेश सोमवार रात अचानक घर से लापता हो गया था। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी। गांव के कुछ लोग कोटिया ताल की ओर गए थे। इसी दौरान उन्हें ताल के किनारे एक रजाई का खोल पड़ा दिखाई दिया। खोल के अंदर कुछ बंधा होने का संदेह होने पर ग्रामीणों ने उसे खोला तो राम प्रवेश बेहोशी की हालत में मिला।
प्रेमिका के घरवालों पर पिटाई का आरोप
चर्चा है कि राम प्रवेश का गांव की ही एक युवती से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, युवती की शादी कहीं और तय हो चुकी थी, इसके बावजूद दोनों के बीच बातचीत और मुलाकात जारी थी। आरोप है कि दो दिन पहले युवती के परिजनों ने दोनों को घर के अंदर मिलते हुए पकड़ लिया था। इसके बाद राम प्रवेश के साथ मारपीट की गई और उसे रजाई के खोल में बांधकर नाले के किनारे फेंक दिया गया। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं की है।
परिजनों ने जबरन उठाने और मारपीट का लगाया आरोप
राम प्रवेश के परिजनों ने आरोप लगाया कि गांव का ही एक परिवार उसे रात में जबरन उठाकर ले गया था। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और रजाई के खोल में बांधकर नाले में फेंक दिया गया। परिजनों ने घघसरा चौकी पर शिकायत के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं होने का भी आरोप लगाया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मुंबई में पेंट-पॉलिश का काम करता है युवक
राम प्रवेश दो भाइयों में बड़ा है। वह करीब छह दिन पहले ही मुंबई से घर आया था। मुंबई में वह पेंट-पॉलिश का काम करता है। बुधवार को नाले के किनारे बेहोशी की हालत में मिलने के बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। उसकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मामले की जांच कर रही पुलिस
थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि राम प्रवेश के परिजनों की ओर से गुमशुदगी की तहरीर मिली थी। इसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई थी। जांच के दौरान मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की बात सामने आई है। युवक के बरामद होने के बाद पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल युवक के साथ हुई घटना और आरोपों की पड़ताल में जुटी है।










