गोरखपुर के शिवालयों में उमड़ा भारी जनसैलाब: भक्तों ने भोलेनाथ का किया जलाभिषेक, हर-हर महादेव के लगे नारे

सावन के अंतिम दिन श्रावणी पूर्णिमा पर शुक्रवार को शहर और अंचल के शिवालयों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतार लगने लगी। भक्तों ने शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, पुष्प और धतूरा अर्पित कर पूजा-अर्चना की। आरती में शामिल होकर भगवान शिव से सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजते रहे।
सूर्यकुंड धाम में सूर्यकुंड धाम विकास समिति के तत्वावधान में आयोजित श्रावण महोत्सव के 30वें और अंतिम दिन विशेष धार्मिक अनुष्ठान हुए। सुबह पांच बजे भगवान शिव की विशेष पूजा और श्रृंगार किया गया। इसके बाद शिव महाआरती हुई। श्रद्धालुओं ने आरती में शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। इस दौरान हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। इसके बाद नि:शुल्क रुद्राभिषेक और रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। शाम छह बजे से श्री शिव महापुराण कथा शुरू होगी। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की गई हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
शहर से अंचल तक शिवालयों में बही भक्ति की रसधारा
उधर, शहर के मुक्तेश्वरनाथ मंदिर और अंचल के जलेश्वरनाथ मंदिर, भरोहिया और खजनी में सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। लोगों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना और आरती की। महादेव झारखंडी मंदिर, मानसरोवर मंदिर और रामलीला मैदान स्थित शिव मंदिर समेत शहर के अन्य शिवालयों में भी श्रद्धालु पहुंचे। सावन के अंतिम दिन पूरे क्षेत्र के शिवालयों में भक्ति की रसधारा बहती रही।










