गोरखपुर में राप्ती नदी में डूबते युवक को पीएसी के जवानों ने बचाया: जान की परवाह किए बिना नदी में लगा दी छलांग, समय रहते सुरक्षित निकाला बाहर

गोरखपुर के राप्ती नदी में गुरुवार सुबह नहाने के दौरान एक व्यक्ति गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख आसपास मौजूद लोग चिल्लाने लगे। लोगों ने तुरंत वहां तैनात गोरखपुर पीएसी की बाढ़ राहत दल की टीम को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही बाढ़ राहत दल के जवान कृष्णचंद और जितेंद्र कुमार ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी। दोनों जवानों ने डूब रहे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते हुए रेस्क्यू होने से उसकी जान बच गई।
बताया गया कि सेवई बाजार का रहने वाला मुन्ना (45) गुरुवार सुबह करीब 10 बजे राजघाट पहुंचा था। कुछ देर बाद वह राप्ती नदी में नहाने के लिए उतर गया। नहाते समय वह धीरे-धीरे नदी की धारा के साथ आगे बढ़ गया और गहरे पानी में पहुंच गया। कुछ ही देर में उसे पानी की गहराई और तेज बहाव का एहसास हुआ। वह खुद को बचाने के लिए हाथ-पैर चलाने लगा। मुन्ना को डूबता देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद लोगों ने तत्काल राजघाट पर मौजूद पीएसी की बाढ़ राहत दल की टीम को इसकी जानकारी दी।
जवानों ने नदी में कूदकर किया रेस्क्यू
सूचना मिलते ही बाढ़ राहत दल के जवान कृष्णचंद और जितेंद्र कुमार सक्रिय हो गए। दोनों जवानों ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगाई और डूब रहे मुन्ना तक पहुंचे। जवानों ने काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया। इस दौरान मुन्ना के मुंह में पानी चला गया था।
मौके पर ही दिया गया मेडिकल ट्रीटमेंट
नदी से बाहर निकालने के बाद बाढ़ राहत दल के जवानों ने उसे मौके पर ही प्राथमिक मेडिकल ट्रीटमेंट दिया। समय पर रेस्क्यू होने के कारण उसकी हालत जल्द सामान्य हो गई। पीएसी बाढ़ राहत दल के अनुसार, फिलहाल मुन्ना की स्थिति सामान्य है और वह पूरी तरह सुरक्षित है।
नदी में नहाने से बचने की अपील
राप्ती नदी में पानी का बहाव और गहराई कई स्थानों पर काफी अधिक है। ऐसे में नहाने के दौरान हादसे की आशंका बनी रहती है। गुरुवार को भी समय रहते बाढ़ राहत दल की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति की जान बचा ली। घटना के बाद लोगों से अपील की जा रही है कि नदी में नहाने के दौरान सावधानी बरतें और गहरे पानी या तेज बहाव वाले स्थानों पर जाने से बचें।










