गोरखपुर में छात्रा को सजा देने पर भड़का पिता: देर से आने पर बनाया था मुर्गा, स्कूल में प्रधानाध्यापक से की मारपीट और तोड़फोड़

गोरखपुर|
देर से आने पर बनाया था मुर्गा, स्कूल में प्रधानाध्यापक से की मारपीट और तोड़फोड़

गोला क्षेत्र में छात्रा को स्कूल देर से आने पर दी गई सजा को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि उसके पिता ने विद्यालय पहुंचकर प्रधानाध्यापक से मारपीट कर दी। आरोप है कि उन्होंने स्टाफ के सामने प्रधानाध्यापक की पिटाई की और उनकी शर्ट फाड़ दी। इसके बाद विद्यालय में तोड़फोड़ कर सरकारी सामान को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है। प्रधानाध्यापक की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

पूर्व माध्यमिक विद्यालय खिरकिटा दुबे के प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुबह कक्षा छह में पढ़ने वाली छात्रा विद्यालय देर से पहुंची थी। स्कूल में अनुशासन बनाए रखने के लिए देर से आने वाले विद्यार्थियों को सजा दी जाती है। इसी के तहत छात्रा को कुछ समय के लिए मुर्गा बनाया गया था। इसकी जानकारी छात्रा के पिता दिलीप कुमार को हुई तो वह नाराज हो गए और विद्यालय पहुंच गए।

समझाने पर भी नहीं माने

प्रधानाध्यापक के मुताबिक, विद्यालय पहुंचने के बाद दिलीप कुमार उनसे विवाद करने लगे। उन्होंने स्थिति समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि दिलीप ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान विद्यालय का स्टाफ भी मौजूद था। दूसरे शिक्षक बीच-बचाव के लिए आगे आए और किसी तरह मामला शांत कराया। प्रधानाध्यापक ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनकी शर्ट फाड़ दी गई। इसके साथ ही स्कूल परिसर में तोड़फोड़ कर सरकारी सामान को नुकसान पहुंचाया गया।

पहले भी विवाद की बात सामने आई

दिलीप कुमार पेंट-पॉलिश का काम करता है। बताया गया है कि इससे पहले वह विद्यालय में ठेका लेने के लिए गया था, तब भी विवाद हुआ था। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। घटना से विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी भी भयभीत हैं। प्रधानाध्यापक ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई कि भविष्य में भी उनके साथ इस तरह की घटना हो सकती है।

पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई

गोला थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रप्रकाश पांडेय ने बताया कि प्रधानाध्यापक की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।