पुरानी रंजिश ने ली युवक की जान: मर्डर के पांच आरोपी अरेस्ट, दो अन्य की तलाश जारी

गोरखपुर|1 घंटा पहले
मर्डर के पांच आरोपी अरेस्ट, दो अन्य की तलाश जारी

सिकरीगंज थाना क्षेत्र के ढखवा बाजार में पुरानी रंजिश के चलते युवक की पीट-पीटकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पांच आरोपियों को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के बाद क्षेत्र छोड़कर भागने की तैयारी में थे। इससे पहले ही उन्हें दबोच लिया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेलघाट थाना क्षेत्र के ब्रह्मसारी गांव निवासी मुकेश साहनी, सम्मेलन साहनी, मन्नू साहनी, अमरेश साहनी तथा मीरा देवी के रूप में हुई है। मृतक की मां मनभावती देवी की एप्लीकेशन पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। जांच के दौरान दो अन्य व्यक्तियों मन्नू साहनी और अमरेश साहनी की भूमिका भी सामने आई। जिसके बाद उन्हें भी मामले में शामिल करते हुए अरेस्ट किया गया।

घात लगाकर किया हमला

पुलिस के अनुसार मृतक पिंटू लाल (25) शनिवार की शाम घर से शिवपुर स्थित एक मुर्गी फार्म से मुर्गा खरीदने के लिए निकला था। आरोप है कि शाम करीब साढ़े सात बजे ढखवा बाजार-बारीगांव मार्ग पर शिवपुर तिराहे के निकट पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उसे रोक लिया। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। जिसके बाद आरोपियों ने पिंटू पर लाठी-डंडों और अन्य वस्तुओं से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसकी इतनी बेरहमी से पिटाई की कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

भाभी के पहुंचने पर फरार हुए हमलावर

घटना के दौरान पीछे से आ रही मृतक की बड़ी भाभी सीमा देवी मौके पर पहुंच गईं। जानकारी के अनुसार उन्हें देखते ही आरोपी पिंटू को मृत समझकर वहां से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायल युवक को घर पहुंचाया। इसके बाद परिजनों ने उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ढेबरा में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।

परिवार में मचा कोहराम

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पिंटू लाल अविवाहित था। परिवार के भरण-पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था। परिजनों का आरोप है कि लंबे समय से चली आ रही रंजिश के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और शीघ्र न्याय की मांग की है।

पुलिस की कार्रवाई जारी

एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में भूमि विवाद और पुरानी रंजिश घटना की मुख्य वजह के रूप में सामने आई है। मामले में पांच आरोपियों को अरेस्ट कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं नामजद आरोपी रामबदन और अरविंद अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।