हाईकोर्ट ले जाने के बहाने महिला से की दरिंदगी: बेटे के सामने की रेप की कोशिश, घरेलू काम के दौरान हुई थी मुलाकात

पति के खिलाफ चल रहे केस में भरण-पोषण दिलाने का भरोसा देकर महिला को प्रयागराज हाईकोर्ट ले जाने के बाद चलती कार में रेप की कोशिश का मामला सामने आया है। महिला ने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर युवक ने उसके साथ मारपीट की और उसकी महिला साथी ने कपड़े फाड़ दिए। आरोप है कि जौनपुर जिले में महिला और उसके दो वर्षीय बेटे को चलती कार से नीचे फेंक दिया गया। इसके बाद युवक ने ईंट से हमला कर उसे घायल किया और उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। पीड़िता की तहरीर पर गीडा थाना पुलिस ने रवि प्रताप सिंह और उसकी महिला मित्र ज्योति मिश्रा के खिलाफ रेप के प्रयास, मारपीट और धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच के लिए पुलिस की टीमें प्रयागराज और जौनपुर भेजी गई हैं।
देवरिया के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला वर्तमान में झंगहा क्षेत्र के एक गांव में रहती है। उसने अपने पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है, जो न्यायालय में विचाराधीन है। इसी मामले में वह गोरखपुर दीवानी कचहरी आती-जाती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात गीडा सेक्टर पांच में किराये के मकान में रहने वाली ज्योति मिश्रा से हुई। महिला के मुताबिक, वह ज्योति के घर घरेलू काम करने लगी थी। इसी से वह अपना और दो वर्षीय बेटे का पालन-पोषण कर रही थी।
शराब पिलाने का किया प्रयास
महिला के अनुसार, सात अगस्त को ज्योति ने अपने दोस्त रवि प्रताप सिंह के साथ हाईकोर्ट चलने के लिए कहा। उसे बताया गया कि पति के खिलाफ चल रहे मुकदमे में भरण-पोषण दिलाने में मदद की जाएगी। भरोसा करके महिला अपने बेटे के साथ दोनों के साथ कार से प्रयागराज हाईकोर्ट चली गई। आरोप है कि वापसी के दौरान रवि और ज्योति ने रास्ते में बीयर की छह बोतलें खरीदीं और कार में ही पीने लगे। दोनों ने महिला को भी शराब पिलाने का प्रयास किया, लेकिन उसने इनकार कर दिया। इसके बाद महिला का आरोप है कि रवि ने कार में उसके साथ अश्लील हरकत शुरू कर दी और रेप का प्रयास किया।
महिला और बच्चे को सड़क पर फेंका
महिला ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर रवि ने ज्योति के साथ मिलकर उसकी कुर्ती फाड़ दी और उसे उसके बेटे समेत कार से नीचे फेंक दिया। उसके मुताबिक, वह सड़क पर बेहोशी की हालत में पड़ी रही। राहगीरों ने उसकी मदद की और उपचार कराया। होश में आने के बाद उसने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस की मदद से वह गोरखपुर पहुंची और गीडा थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
मामले की जांच कर रही पुलिस
एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की तस्दीक के लिए पुलिस की एक टीम प्रयागराज और जौनपुर भेजी गई है। आरोपितों की तलाश की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










