मातम में बदलीं शादी की खुशियां: बुलेट की टक्कर से बहन की मौत, दूसरी की हालत गंभीर

गोरखपुर|1 घंटा पहले
बुलेट की टक्कर से बहन की मौत, दूसरी की हालत गंभीर

चौरी चौरा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी वाले घर की खुशियों को मातम में बदल दिया। बाजार से लौटकर सड़क पार कर रही दो सगी बहनों को तेज रफ्तार बुलेट सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बड़ी बहन की मौत हो गई। जबकि छोटी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं दुर्घटना में शामिल बुलेट को सीज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार चौरी चौरा थाना क्षेत्र के शत्रुध्नपुर फुटहवा इनार निवासी लक्ष्मी बासफोर की बेटी की शादी तय थी। इसी समारोह में शामिल होने के लिए उनकी बेटियां सोनी उर्फ कोयलों (38) और मंजू (25) अपने मायके आई थीं। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। पूरा परिवार उत्सव के माहौल में डूबा हुआ था। सोमवार शाम दोनों बहनें कुछ जरूरी सामान खरीदने के लिए बाजार गई थीं। देर शाम जब वे वापस लौट रही थीं और फुटहवाइनार चौराहे के पास सड़क पार कर रही थीं, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बुलेट सवार ने उन्हें टक्कर मार दी।

मौके पर मची अफरा-तफरी

जानकारी के मुताबिक बुलेट की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर लगते ही दोनों बहनें कई फीट दूर सड़क पर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौरी चौरा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने कोयलों को मृत घोषित कर दिया। जबकि मंजू की हालत नाजुक होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में उसका उपचार जारी है।

वाहन छोड़कर फरार हुआ आरोपी

घटना के बाद बुलेट सवार कुछ दूरी तक आगे बढ़ा। लेकिन स्थानीय लोगों के जुटने पर वह अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बुलेट को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। वाहन के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया

हादसे में जान गंवाने वाली कोयलों के पति की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। वह अपने तीन बच्चों की परवरिश कर रही थीं। उनकी असमय मौत से बच्चों के सिर से मां का साया भी उठ गया है। शादी की तैयारियों में जुटा परिवार अचानक हुए इस हादसे से सदमे में है। घर में जहां शहनाइयां बजने की तैयारी थी। वहां अब चीख-पुकार और मातम का माहौल है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।