देवरिया में ड्यूटी के दौरान जवान का निधन: पार्थिव शरीर पहुंचते ही गांव में मातम, राजकीय सम्मान के साथ किया गया अंतिम संस्कार

रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के रामपुर चंद्रभान गांव निवासी असम राइफल के जवान सत्येंद्र सिंह का ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा तो परिवार और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। छोटी गंडक नदी के तट पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
सत्येंद्र सिंह असम राइफल में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। साथी जवान उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़
जवान अपने पीछे पत्नी शिमला देवी, नौ वर्षीय पुत्र विराट और चार वर्षीय पुत्री दिशा को छोड़ गए हैं। पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके आवास पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रशासनिक अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि
दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि देने के लिए उपजिलाधिकारी प्रवीण कुमार, क्षेत्राधिकारी संजय कुमार रेड्डी, तहसीलदार के.के. मिश्रा, थाना प्रभारी अश्विनी प्रधान सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग गांव पहुंचे। सभी ने पुष्प अर्पित कर शोक व्यक्त किया और परिवार को ढांढस बंधाया। ग्रामीणों ने सत्येंद्र सिंह को सरल, मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व का धनी बताते हुए उनके निधन को पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









