गोरखपुर में STF की बड़ी कार्रवाई: 20 लाख की चरस के साथ अंतरराज्यीय तस्कर अरेस्ट, नेपाल बॉर्डर से यूपी तक फैला था नेटवर्क

गोरखपुर में उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स को नशे के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ की टीम ने इंटरनेशनल लेवल पर अवैध चरस की तस्करी करने वाले एक आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। उसके कब्जे से करीब चार किलो चरस बरामद की है। बरामद मादक पदार्थ की इंटरनेशनल मार्केट में कीमत लगभग 20 लाख रुपए आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संभल जिले के हयातनगर थाना क्षेत्र के मुजाहिदपुर निवासी रामचंदर के रूप में हुई है। STF की इस कार्रवाई के बाद मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
STF अधिकारियों के मुताबिक पिछले कई दिनों से यह इनपुट मिल रहा था। भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाकों में सक्रिय एक संगठित गिरोह बड़े पैमाने पर चरस की तस्करी कर रहा है। यह गिरोह नेपाल और बिहार के रास्ते उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मादक पदार्थ की खेप पहुंचाता था। सूचना के आधार पर एसटीएफ की विभिन्न यूनिट्स को सक्रिय किया गया। संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि गिरोह का एक सदस्य नेपाल से चरस की खेप लेकर रक्सौल, पूर्वी चंपारण और गोरखपुर के रास्ते कानपुर जाने वाला है। इसके बाद एसटीएफ ने तत्काल रणनीति बनाकर संभावित रूट पर निगरानी बढ़ा दी।
हाईवे पर घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा
सूचना मिलते ही एसटीएफ की टीम ने गोरखपुर-वाराणसी नेशनल हाईवे-24 पर बेलीपार थाना क्षेत्र के महोब बंधा मोड़ के पास चेकिंग अभियान शुरू किया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर एक व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से चार किलो चरस बरामद हुई। टीम ने तुरंत आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड और 1090 रुपए नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद चरस की कीमत इंटरनेशनल मार्केट में करीब 20 लाख रुपए है।
कानपुर समेत कई जिलों में होनी थी सप्लाई
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से अवैध मादक पदार्थ तस्करी के कारोबार से जुड़ा हुआ है। उसने बताया कि उसका गिरोह नेपाल और बिहार के विभिन्न इलाकों से चरस की खेप लाकर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सप्लाई करता है। बरामद खेप को कानपुर और आसपास के जिलों में पहुंचाया जाना था। एसटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। इसकी फंडिंग कहां से हो रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुई FIR
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बेलीपार थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम आरोपी से पूछताछ कर अन्य तस्करों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।











