छात्रों का आरोप- बीटेक छात्र को किया जा रहा था प्रताड़ित: डीडीयू गोरखपुर यूनिवर्सिटी में बवाल, वी वांट जस्टिस के लगाए नारे

गोरखपुर|16 मई 2026
डीडीयू गोरखपुर यूनिवर्सिटी में बवाल, वी वांट जस्टिस के लगाए नारे

रामगढ़ताल थाना क्षेत्र स्थित ब्वॉयज हॉस्टल में बीटेक छात्र की आत्महत्या के बाद शनिवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। इंजीनियरिंग विभाग के बाहर सुबह करीब 11 बजे बड़ी संख्या में छात्र पहुंच गए। छात्रों ने जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों के हाथों में पोस्टर भी दिखाई दिए। छात्र लगातार “वी वांट जस्टिस” के नारे लगा रहे थे। मौके पर काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि बीटेक छात्र को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। छात्रों ने आरोप लगाया कि सेमेस्टर एग्जाम में छात्र को इंटरनल में जीरो नंबर दिए गए, जिससे वह फेल हो गया। छात्रों का कहना है कि यूनिवर्सिटी में प्लेसमेंट के नाम पर फर्जी प्लेसमेंट दिखाए जा रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने एचओडी राजीव रंजन कुमार त्रिपाठी, बीटेक विभाग के डायरेक्टर एसएन तिवारी, डीन हिमांशु पांडे, आनंद सिंह और डॉ. दीपक सिंह पर छात्रों की बैक लगाने का आरोप लगाया। छात्रों का कहना था कि घटना के बाद भी यूनिवर्सिटी प्रशासन गंभीर नजर नहीं आया। प्रदर्शन के दौरान छात्र लगातार प्रशासनिक अधिकारियों को बुलाने की मांग करते रहे। आरोप है कि दोपहर करीब तीन बजे तक भी कोई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी छात्रों से मिलने नहीं पहुंचा। इससे छात्रों में और नाराजगी बढ़ गई। मौके पर बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे। पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन की टीमें भी स्थिति पर नजर बनाए रहीं।

पंखे से लटकी मिली छात्र की बॉडी

मृतक छात्र की पहचान घनेंद्र चौधरी के रूप में हुई है। वह गोरखपुर यूनिवर्सिटी में बीटेक थर्ड ईयर का छात्र था। छात्र मूल रूप से अलीगढ़ का रहने वाला था। वह इंदिरानगर क्षेत्र स्थित महादेव ब्वॉयज हॉस्टल में किराये के कमरे में अकेले रहता था। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम वह हॉस्टल पहुंचा था। इसके बाद वह सीधे अपने कमरे में चला गया। गुरुवार सुबह तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला, तब वार्डन को शक हुआ। वार्डन ने पहले छात्र को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रामगढ़ताल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तुड़वाया। अंदर छात्र की बॉडी पंखे से लटकती मिली। मौके पर फारेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने कमरे की जांच की और साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सुसाइड नोट में मम्मी-पापा से मांगी माफी

पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है। नोट में छात्र ने अपने माता-पिता से माफी मांगी है। उसने लिखा कि वह न अच्छा बेटा बन सका और न ही अच्छा छात्र। उसने अपने माता-पिता से उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाने की बात कही। सुसाइड नोट में उसने अगले जन्म में फिर उनका बेटा बनने की इच्छा भी जताई। नोट पढ़ने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में शोक और गुस्से का माहौल बना हुआ है। छात्र लगातार मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सुसाइड नोट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।