नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाकर भगाया: चार दिन तक बनाया बंधक, रेप के आरोप में पड़ोसी युवक अरेस्ट

गोरखपुर|22 घंटे पहले
चार दिन तक बनाया बंधक, रेप के आरोप में पड़ोसी युवक अरेस्ट

चौरी चौरा थाना क्षेत्र से एक नाबालिग किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने पहले 17 वर्षीय किशोरी को प्रेमजाल में फंसाया। फिर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिजनों की शिकायत के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने चार दिन बाद किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। जबकि आरोपी युवक को अरेस्ट कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत 26 मई की शाम को हुई। जब किशोरी घर के निकट खेत की ओर जाने की बात कहकर निकली थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की। फिर भी सफलता नहीं मिली। इसके बाद 29 मई को किशोरी की मां ने चौरी चौरा थाने में लिखित तहरीर देकर बेटी के लापता होने की सूचना दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सर्विलांस टीम के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपी की तलाश तेज कर दी।

सर्विलांस और मुखबिर की सूचना से आरोपी तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से महत्वपूर्ण जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने क्षेत्र के निबिअहवा ढाले के पास घेराबंदी कर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर किशोरी को भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने किशोरी को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

पीड़िता के बयान के बाद बढ़ीं आरोपी की मुश्किलें

बरामदगी के बाद किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया। महिला पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में उसका बयान दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, किशोरी ने आरोप लगाया कि आरोपी उसे अपने साथ ले गया था। चार दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर रखकर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक शोषण करता रहा। पीड़िता के बयान और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में रेप की धाराएं बढ़ाते हुए पॉक्सो एक्ट भी लागू कर दिया।

सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा

थाना प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि किशोरी का मेडिकल परीक्षण और कोर्ट में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। मामले से जुड़े सभी तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को केस डायरी में शामिल किया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। दोषी के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।