गोरखपुर में दो मंजिला मकान कुर्क: राजस्व टीम ने वीडियोग्राफी संग की कार्रवाई, कोर्ट में विचाराधीन मकान का मामला

गोरखपुर|1 घंटा पहले
राजस्व टीम ने वीडियोग्राफी संग की कार्रवाई, कोर्ट में विचाराधीन मकान का मामला

पिपराइच नगर पंचायत में भूमि विवाद से जुड़े एक दो मंजिला मकान को प्रशासन ने कुर्क कर लिया है। एसडीएम (सदर) के आदेश पर की गई इस कार्रवाई को पांच सदस्यीय राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर विधिक प्रक्रिया के तहत पूरा किया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

प्रशासन के अनुसार संबंधित भूमि और उस पर बने मकान का मामला लंबे समय से न्यायालय में विचाराधीन है। प्रशासनिक रिपोर्ट और थाना स्तर से प्राप्त जानकारी के आधार पर संपत्ति को कुर्क करने का निर्णय लिया गया। कार्रवाई को पारदर्शी बनाने के लिए उपजिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार पिपराइच की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय राजस्व टीम गठित की थी। टीम में राजस्व निरीक्षक रजनीश कुमार तथा लेखपाल संजय कुमार, देवव्रत प्रताप सिंह, नवीन कुमार और सुनील चौधरी शामिल रहे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई।

अदालती निर्णय तक प्रभावी रहेगी कुर्की

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सक्षम न्यायालय द्वारा संपत्ति के स्वामित्व पर अंतिम फैसला आने तक कुर्की का आदेश प्रभावी रहेगा। इस अवधि में संपत्ति से जुड़ी किसी भी गतिविधि का संचालन न्यायालय और प्रशासन के निर्देशों के अनुसार ही होगा।

अंतिम निर्णय न्यायालय के आदेश पर निर्भर

नायब तहसीलदार दुर्गेश चौरसिया ने बताया कि उपजिलाधिकारी के आदेश का अनुपालन करते हुए विवादित दो मंजिला मकान को विधिक प्रक्रिया के तहत कुर्क किया गया है। उन्होंने कहा कि पूरी कार्रवाई नियमों का पालन करते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई है। प्रशासन का कहना है कि संपत्ति को लेकर अंतिम निर्णय न्यायालय के आदेश के बाद ही प्रभावी होगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।