गोरखपुर में यूपीएसआरटीसी का जॉब फेयर: 92 महिला अभ्यर्थियों ने किया प्रतिभाग, चयनित कंडक्टरों को 2.16 रूपये प्रति किमी का मिलेगा भुगतान

महिला परिचालकों की भर्ती के लिए बुधवार को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की ओर से जॉब फेयर लगाया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित रोजगार कार्यक्रम में 92 महिला अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया और डॉक्यूमेंट्स सबमिट किए। परिवहन निगम गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार सिंह ने बताया कि जॉब फेयर में अयोध्या, गोंडा, बस्ती, खलीलाबाद, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों को मिलाकर कुल 92 आवेदन आए हैं। सभी आवेदकों के जरुरी दस्तावेज जमा करा लिए गए हैं। एक सप्ताह के अंदर कमेटी द्वारा दस्तावेजों की जांच पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद योग्य आवेदकों को जॉब ऑफर किया जाएगा।
नियुक्ति में सुविधा का रखेंगे ध्यान
आरएम लव कुमार सिंह ने बताया कि जॉब के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से महिला उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। चयन के बाद उनकी नियुक्ति सुविधा के आधार पर की जाएगी। उन्होंने कहा कि नए परिचालकों की नियुक्ति के बाद विभाग की कार्य क्षमता एवं राजस्व में बढ़ोत्तरी होगी।
जॉब फेयर में थी पर्याप्त व्यवस्था
इस जॉब फेयर को सफल बनाने के लिए यूपीएसआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में एक बड़ा टेंट लगाया गया था। गर्मी को देखते हुए परिसर में कुर्सी-मेज, पंखे एवं कूलर की समुचित व्यवस्था की गई थी। आवेदकों की मदद के लिए कई अधिकारियों व कर्मचारियों को लगाया गया था, जो आवेदकों के फॉर्म भरवाने के साथ ही जरुरी दस्तावेज जमा करवाने में उनकी मदद कर रहे थे।
7.5 लाख का दुर्घटना बीमा
आरएम ने बताया कि महिला परिचालकों को 2.16 रुपये प्रति किमी के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। इसके अलावा उन्हें 22 दिन में 5000 किमी ड्यूटी करने पर तीन हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अलावा कर्मचारी भविष्य निधि की सुविधा, नाइट भत्ता, फ्री-यात्रा पास और 7.5 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा जैसी कई सुविधाएं दी जाएंगी। जॉब फेयर का आयोजन प्रदेश के सभी क्षेत्रीय कार्यालयों में किया जा रहा है। इसी क्रम में गोरखपुर में एक मार्च को आयोजित
किया गया।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










