गोरखपुर में नाले में मिली युवक की बॉडी: सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने देखी बॉडी, परिजनों ने मर्डर का लगाया एलिगेशन

गोरखपुर|18 मई 2026
सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने देखी बॉडी, परिजनों ने मर्डर का लगाया एलिगेशन

झंगहा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक की बॉडी नाले में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। फरेन नाले में उतराती हुई बॉडी देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बॉडी को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

जानकारी के मुताबिक सुबह करीब पांच बजे कुछ ग्रामीण टहलने निकले थे। इसी दौरान मोतीराम अड्डा क्षेत्र के बंजारी पुल के पास फरेन नाले में एक बॉडी दिखाई दी। बॉडी पानी में उतराती हुई नजर आई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में झंगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू की गई। पुलिस जांच के दौरान मृतक की पहचान चौरी चौरा क्षेत्र के अवधपुर दारोगा जी छावनी निवासी 32 वर्षीय लाल बहादुर निषाद के रूप में हुई। युवक की पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही परिजन और गांव के कई लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल दिखाई दिया। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने बॉडी को नाले से बाहर निकलवाया। इसके बाद पंचनामा भरकर बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने हत्या की आशंका जताई। परिजनों का आरोप है कि लाल बहादुर की हत्या करने के बाद बॉडी नाले में फेंकी गई है, ताकि मामला दुर्घटना या आत्महत्या जैसा लगे।

शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान

हालांकि पुलिस फिलहाल मामले में सतर्कता के साथ जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि युवक के शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। इसी वजह से मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक की मौत हादसे में हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आसपास के लोगों से जुटाई जा रही जानकारी

पुलिस अब मृतक के परिवार, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। युवक के अंतिम बार कहां और किन लोगों के साथ देखे जाने की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर सकती है। घटना के बाद इलाके में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत है। वहीं पुलिस अधिकारियों का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा और यदि हत्या की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

वेबसाइट पर ही पढ़ें