यूपी होमगार्ड परीक्षा में एआई से नकल कराने का बड़ा खुलासा: केमेस्ट्री प्रवक्ता समेत तीन अरेस्ट, फर्जी कक्ष निरीक्षक बनाकर चल रहा था खेल

यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन कानपुर से बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। पुलिस ने एआई तकनीक के जरिए पेपर सॉल्व कराने की साजिश का खुलासा किया है। इस मामले में एक केमेस्ट्री प्रवक्ता समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि कॉलेज के अंदर ही पूरा सिस्टम सेट किया गया था। प्रिंटर, मोबाइल और एआई टूल्स के जरिए सवालों के जवाब निकालने की तैयारी थी। परीक्षा की शुचिता पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जांच में सामने आया कि बीएनएसडी इंटर कॉलेज के केमेस्ट्री प्रवक्ता अखिलेश यादव ने इस पूरे खेल की स्क्रिप्ट तैयार की थी। उन्होंने दो ट्यूशन टीचरों को फर्जी तरीके से कक्ष निरीक्षक बना दिया। इन दोनों की ड्यूटी आधिकारिक सूची में नहीं थी, लेकिन कॉलेज के अंदर इन्हें जिम्मेदारी दे दी गई थी। मकसद साफ था। परीक्षा के दौरान पेपर बाहर निकालना और एआई की मदद से जवाब तैयार करना। इसके बाद ओएमआर शीट भरकर नकल कराने की साजिश थी।
एनसीसी कमरे में बनाया गया कंट्रोल रूम
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कॉलेज के एनसीसी कक्ष को एक तरह का कंट्रोल रूम बनाया गया था। यहां प्रिंटर, मोबाइल और अन्य डिवाइस रखे गए थे। यहीं बैठकर पेपर सॉल्व करने की तैयारी थी। आरोप है कि प्रवक्ता ने खुद इस कमरे की चाबी दी थी। जैसे ही पेपर बाहर आता, उसे तुरंत एआई टूल्स के जरिए सॉल्व कर लिया जाता। यह पूरा सिस्टम बेहद सुनियोजित तरीके से तैयार किया गया था।
संदिग्ध हरकत से खुला मामला
मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब एक व्यक्ति परीक्षा कक्ष से वाशरूम की तरफ जाते हुए संदिग्ध लगा। पुलिस और सेक्टर मजिस्ट्रेट ने उसे रोका। पूछताछ में उसने खुद को कक्ष निरीक्षक बताया। तलाशी लेने पर उसके पास छिपा हुआ प्रश्न पत्र मिला। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने दूसरे आरोपी का नाम बताया। इसके बाद पूरे रैकेट का खुलासा हो गया।
ड्यूटी लिस्ट में नहीं थे नाम
जांच में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पकड़े गए दोनों कक्ष निरीक्षक आधिकारिक ड्यूटी लिस्ट में थे ही नहीं। जिलाधिकारी कार्यालय से जारी सूची से मिलान करने पर इनके नाम गायब मिले। यानी इन्हें फर्जी तरीके से अंदर एंट्री दी गई थी। इससे साफ हो गया कि यह पूरी साजिश अंदर से रची गई थी।
तीन आरोपी अरेस्ट
कानपुर के डीसीप सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सभी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस रैकेट में और कौन-कौन शामिल है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या अन्य केंद्रों पर भी इसी तरह की नकल की कोशिश हुई है।
पूरे प्रदेश में सख्ती
प्रदेशभर में 42 हजार होमगार्ड पदों के लिए परीक्षा चल रही है। यह परीक्षा 1053 केंद्रों पर आयोजित की जा रही है और 27 अप्रैल तक चलेगी। करीब 25 लाख अभ्यर्थी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। परीक्षा दो घंटे की है और 100 अंकों की होती है। इसमें ऑब्जेक्टिव टाइप सवाल पूछे जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे प्रदेश में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










