कानपुर में मासूम जुड़वा बेटियों की हत्या: पिता ने गला रेतकर दी दर्दनाक मौत, बेड पर मिला बच्चियों का शव

कानपुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी ही जुड़वा बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात रविवार तड़के हुई। घटना नौबस्ता के के-ब्लॉक किदवईनगर स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट फेज-2 की है। आरोपी पेशे से दवा कारोबारी बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी पिता को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिता शशि रंजन मिश्रा ने सुबह करीब 4:30 बजे खुद फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जब पुलिस फ्लैट के अंदर दाखिल हुई तो मंजर बेहद डरावना था। कमरे में हर तरफ खून फैला हुआ था। बेड पर दोनों बच्चियों के शव पड़े थे। यह दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। मौके पर तुरंत जांच शुरू कर दी गई।
मृतक बच्चियां रिद्धि और सिद्धि थीं। दोनों की उम्र 11 साल थी। दोनों एक ही स्कूल में पढ़ती थीं। वे मदर टेरेसा मिशन हाईस्कूल की कक्षा 5 की छात्राएं थीं। परिवार पिछले करीब आठ साल से इसी अपार्टमेंट में रह रहा था। फ्लैट बैंककर्मी विवेक गुप्ता का बताया जा रहा है, जो इस समय लखनऊ में रहते हैं। आसपास के लोगों के मुताबिक परिवार सामान्य दिखता था। किसी को अंदाजा नहीं था कि ऐसा कुछ हो जाएगा।
रात में दिया वारदात को अंजाम
इंस्पेक्टर के अनुसार, यह वारदात रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच हुई। आरोपी पिता ने सो रही बच्चियों का गला रेतकर उनकी हत्या कर दी। मौके से एक स्टील का चपड़ बरामद हुआ है। आशंका है कि इसी से वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने हथियार को कब्जे में ले लिया है। फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
दूसरे कमरे में सो रहे थे मां और छोटा बेटा
परिवार में मां रेशमा और छह साल का बेटा भी है। घटना के समय दोनों दूसरे कमरे में सो रहे थे। उन्हें वारदात की भनक तक नहीं लगी। पुलिस के पहुंचने पर जब रेशमा को जगाया गया, तब उसे घटना की जानकारी हुई। यह सुनकर वह सदमे में आ गई। बाद में उसने नौकरानी को फोन कर बुलाया। घर का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।
पिता ने कबूला जुर्म
पुलिस के मुताबिक आरोपी पिता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि दंपती की करीब 12 साल पहले लव मैरिज हुई थी। आरोपी दवा का कारोबार करता है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। मानसिक स्थिति, पारिवारिक विवाद और आर्थिक कारणों की भी जांच हो रही है।
पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच जारी
पुलिस ने दोनों बच्चियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घटना की सूचना पर डीसीपी दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि केस की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










