शादी से इनकार पर गर्लफ्रेंड पर जानलेवा हमला: कानपुर में कार से खींचकर ईंट से किया हमला, आरोपी गिरफ्तार

कानपुर|1 घंटा पहले
कानपुर में कार से खींचकर ईंट से किया हमला, आरोपी गिरफ्तार

जिले में एक युवती पर कथित प्रेमी ने बीच सड़क जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि शादी से इनकार करने पर आरोपी ने पहले कार पर ईंट से हमला किया। फिर युवती को बाहर खींचकर उसके सिर पर कई वार किए। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

स्वरूप नगर के राज टावर निवासी 38 वर्षीय देवाशीष निगम अपनी 28 वर्षीय महिला मित्र मृदुला के साथ कार से बिठूर के ब्रह्मघाट की ओर जा रहा था। रास्ते में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने पहले कार के शीशों पर ईंट से वार किया। युवती ने खुद को बचाने के लिए कार के शीशे बंद कर लिए। लेकिन आरोपी ने कार का दरवाजा खोलकर उसे बाहर खींच लिया और ईंट से सिर पर कई वार कर दिए।

शोर सुनकर लोगों ने पकड़ा आरोपी

हमले के दौरान युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आरोपी देवाशीष निगम को हिरासत में ले लिया। घायल युवती को इलाज के लिए रामा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज जारी है।

इंस्टाग्राम से हुई थी पहचान

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और पीड़िता की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। आरोप है कि देवाशीष लगातार युवती पर शादी का दबाव बना रहा था। वह उसे बिठूर घुमाने के बहाने लेकर गया था। रास्ते में शादी को लेकर विवाद बढ़ा और आरोपी ने कथित रूप से हत्या की नीयत से हमला कर दिया।

घायल सड़क पर तड़पती रही

घटना के बाद मौजूद लोगों का ध्यान आरोपी को पकड़ने पर केंद्रित रहा, जबकि घायल युवती सड़क पर पड़ी तड़पती रही। पुलिस के पहुंचने के बाद ही उसे अस्पताल भेजा गया। डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। आरोपी को आज जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।