कानपुर में गंगा नदी में डूबीं चार छात्राएं: तीन की बची जान, एक की पुलिस कर रही तलाश

कानपुर|1 घंटा पहले
तीन की बची जान, एक की पुलिस कर रही तलाश

कानपुर के बिठूर स्थित गुदारा घाट पर आज दोपहर को गंगा स्नान के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। तेज बहाव की चपेट में आने से चार छात्राएं डूबने लगीं। घाट पर मौजूद एक कॉस्मेटिक दुकानदार और स्थानीय युवकों की बहादुरी से तीन छात्राओं को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि 16 वर्षीय एक छात्रा (मुस्कान) लापता है, जिसकी तलाश में पुलिस और गोताखोर जुटे हुए हैं।

चारों छात्राएं सुबह करीब 11 बजे ऑटो से बिठूर घूमने आई थीं। दोपहर में नहाते समय वे अनजाने में गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गईं और डूबने लगीं। छात्राओं को चीखते और बहते देख घाट पर दुकान चलाने वाले रामजी द्विवेदी ने बिना वक्त गंवाए नदी में छलांग लगा दी। उनके पीछे 4 अन्य स्थानीय युवक भी नदी में कूद गये। रामजी और अन्य युवकों ने मिलकर तीन छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन मुस्कान तेज बहाव में आगे बह गई।

किराये के घर में रहकर पढ़ाई करती है छात्राएं

अनुष्का, रिया कुशवाहा और रिया कश्यप कल्याणपुर के बारासिरोही में किराये पर रहकर पढ़ाई करती हैं। ये सभी मूल रूप से कन्नौज की रहने वाली हैं। अनुष्का ने बताया कि बुधवार को मेरी मामा की बेटी मुस्कान (16) भी मेरे कमरे पर आ गई थी। सभी ने रात में बिठूर घूमने जाने का प्लान बनाया था। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे चारों ऑटो से बिठूर के गोदार घाट पहुंचीं। दोपहर करीब एक बजे सभी गंगा में स्नान करने उतरीं। नहाने के दौरान चारों अनजाने में गहराई की ओर चली गईं। तेज बहाव होने के कारण वे पानी में डूबने लगीं।

दुकानदार ने तीन की बचाई जान

छात्राओं को बहता देख घाट पर कॉस्मेटिक की दुकान लगाने वाले रामजी द्विवेदी ने बिना देर किए गंगा में छलांग लगा दी। उनके पीछे घाट पर रहने वाले चार अन्य युवकों ने भी छात्राओं को बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। तेज बहाव के कारण छात्राओं के साथ उन्हें बचाने उतरे युवक भी बहने लगे। काफी मशक्कत के बाद रामजी द्विवेदी ने अनुष्का, रिया कुशवाहा और रिया कश्यप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन मुस्कान तेज बहाव में बह गई।

सर्च ऑपरेशन जारी

स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही बिठूर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों और बड़े जाल की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस ने लापता किशोरी के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है। गंगा में इस समय पानी का बहाव काफी तेज है, जिसके चलते पुलिस ने लोगों से गहरे पानी में न जाने की अपील की है

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।