कानपुर में एक ही कुत्ते का दो बार हमला: पालतू जर्मन शेफर्ड ने बहू को नोचा, एक साल पहले दादी की ले चुका है जान

कानपुर|05 मई 2026
पालतू जर्मन शेफर्ड ने बहू को नोचा, एक साल पहले दादी की ले चुका है जान

शहर से बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पालतू जर्मन शेफर्ड कुत्ते ने अपने ही घर की महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। कुत्ते का नाम रॉबर्ट बताया जा रहा है। इस हमले में 70 वर्षीय किरण त्रिवेदी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके दोनों हाथ बुरी तरह जख्मी हैं। शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव हैं। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत अब स्थिर बताई जा रही है, लेकिन खतरा पूरी तरह टला नहीं है। यह मामला इसलिए और गंभीर हो जाता है क्योंकि यही कुत्ता पिछले साल इसी परिवार की बुजुर्ग सदस्य की जान ले चुका है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना शहर के विकास नगर इलाके की है। परिवार में रहने वाले धीर प्रशांत त्रिवेदी पेशे से इंजीनियर हैं। उन्होंने अपने घर में जर्मन शेफर्ड कुत्ता पाल रखा है। दो मई की रात करीब 10:30 बजे वह किसी काम से बाहर गए थे। इसी दौरान कुत्ते ने घर में मौजूद उनकी मां किरण त्रिवेदी पर हमला कर दिया। कुत्ते ने उनके हाथ, कमर और पैरों को कई जगह काट लिया। महिला खून से लथपथ होकर गिर पड़ीं। किसी तरह उन्होंने बेटे को फोन किया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, कुत्ते ने महिला के गले पर भी हमला करने की कोशिश की थी। महिला ने हाथों से बचाव किया, जिससे उनके दोनों हाथ बुरी तरह जख्मी हो गए। यही वजह रही कि उनकी जान बच सकी।

अस्पताल में झूठी कहानी

मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। बेटे धीर प्रशांत ने अस्पताल में डॉक्टरों को बताया कि उनकी मां पर स्ट्रीट डॉग्स ने हमला किया है। लेकिन बाद में जांच में यह दावा गलत निकला। पुलिस और स्थानीय लोगों ने पुष्टि की कि हमला घर के पालतू कुत्ते ने ही किया है।

कुत्ते को पकड़ने घर पहुंची नगर निगम टीम

घटना की सूचना मिलने के बाद नगर निगम की टीम कुत्ते को पकड़ने के लिए घर पहुंची। टीम करीब एक घंटे तक दरवाजा खटखटाती रही। लेकिन घर के अंदर मौजूद धीर प्रशांत ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा। इससे इलाके में डर का माहौल बन गया है। लोग खुलकर बोलने से बच रहे हैं, लेकिन अंदरखाने काफी आक्रोश है।

पहले भी कर चुका है जानलेवा हमला

यह पहला मामला नहीं है। 19 मार्च 2025 को इसी कुत्ते ने धीर प्रशांत की 90 वर्षीय दादी मोहिनी त्रिवेदी पर हमला किया था। उस हमले में उनकी मौत हो गई थी। उस समय नगर निगम ने कुत्ते को पकड़ लिया था। बाद में बेटे ने हलफनामा देकर उसे छुड़ा लिया और दूसरी जगह रखवाया। लेकिन एक मई को वह कुत्ते को फिर घर ले आया। इसके अगले ही दिन दूसरी घटना हो गई।

मोहल्ले में दहशत, प्रशासन पर सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कुत्ता बेहद आक्रामक है। पहले मालिक को भी घायल कर चुका है। अब दादी की मौत और मां की हालत गंभीर होने के बाद भी उसे घर में रखना खतरनाक है। लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला का इलाज जारी है। प्रशासन यह भी देख रहा है कि कुत्ते को जब्त करने के लिए आगे क्या कदम उठाए जाएं। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मामलों में लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। पालतू जानवरों को नियंत्रित रखना मालिक की जिम्मेदारी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।