प्रेम प्रसंग में पत्नी ने ली पति की जान: चाकू से गोदकर की हत्या, जान लेने के लिए प्रेमी ने उकसाया

कानपुर|1 घंटा पहले
चाकू से गोदकर की हत्या, जान लेने के लिए प्रेमी ने उकसाया

शहर के फीलखाना थाना क्षेत्र में वैवाहिक जीवन में बढ़ते विवाद और कथित प्रेम प्रसंग ने एक परिवार को गहरे संकट में डाल दिया। यहां एक महिला पर अपने पति की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप लगा है। परिजनों का दावा है कि वारदात के समय महिला अपने कथित प्रेमी से मोबाइल फोन पर बातचीत कर रही थी। उसी के उकसावे पर उसने पति पर जानलेवा हमला किया। गंभीर रूप से घायल पति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी पत्नी को अरेस्ट कर लिया है।

फीलखाना क्षेत्र के बालाजी धाम निवासी रामकिशोर गुप्ता कपूर सप्लाई का कारोबार करते हैं। उनका इकलौता बेटा मनीष गुप्ता किराना बाजार में ब्रोकर के रूप में कार्य करता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक निजी स्कूल में अध्यापन कार्य कर रही निहारिका कश्यप से हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वर्ष 2017 में परिवार की सहमति से विवाह हो गया। दंपती का छह वर्षीय बेटा भी है। परिजनों के अनुसार विवाह के शुरुआती वर्षों तक सब कुछ सामान्य रहा। लेकिन करीब तीन वर्ष पहले निहारिका का जम्मू निवासी एक युवक से कथित प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होने लगा। परिवार का आरोप है कि मनीष कई बार पत्नी को समझाने का प्रयास करता रहा। लेकिन हालात लगातार बिगड़ते गए।

मोबाइल पर बातचीत के दौरान हुआ खूनी विवाद

मृतक के पिता रामकिशोर गुप्ता के अनुसार पांच जून को निहारिका मोबाइल फोन पर अपने कथित प्रेमी से बातचीत कर रही थी। मनीष ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर निहारिका ने रसोई में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और मनीष के पेट पर कई वार कर दिए। घायल अवस्था में मनीष को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद मंगलवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। परिजनों का दावा है कि इलाज के दौरान होश आने पर मनीष ने बताया था कि हमले के समय पत्नी का प्रेमी फोन पर मौजूद था। उसने उसे जान से मारने के लिए उकसाया था।

पुराने विवाद भी आए सामने

परिवार का कहना है कि प्रेम प्रसंग को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। मृतक के पिता के अनुसार करीब डेढ़ वर्ष पहले महिला ने दहेज उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि उस समय भी पारिवारिक तनाव का मुख्य कारण कथित प्रेम प्रसंग ही था।

जांच में जुटी पुलिस

फीलखाना थाना प्रभारी अभय प्रताप ने बताया कि मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी महिला को अरेस्ट कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य परिस्थितिजन्य तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।