लेखपाल पर रिश्वत लेने का आरोप: एसडीएम ने दिखाई सख्ती, 24 घंटे में मांगा स्पष्टीकरण

तहसील क्षेत्र में राजस्व विभाग के एक लेखपाल पर कार्य कराने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप का मामला सामने आया है। जिसके बाद से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। पीड़ित की ओर से शपथ पत्र और कथित लेन-देन से जुड़े साक्ष्य प्रस्तुत किए जाने पर एसडीएम आकांक्षा मिश्रा ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित लेखपाल को नोटिस जारी कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए तहसीलदार को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
मामला ग्राम महुअवा देवरिया निवासी मृतुंजय द्विवेदी से जुड़ा है। उन्होंने शनिवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके राजस्व संबंधी प्रकरण में उच्चाधिकारियों के निर्देश के बावजूद संबंधित लेखपाल कार्य करने में टालमटोल करता रहा। पीड़ित का दावा है कि लेखपाल ने कार्य निपटाने के लिए उनसे धनराशि की मांग की थी। आरोप के अनुसार, पहले तीन हजार रुपये डिजिटल माध्यम फोनपे के जरिए लिए गए। जबकि बाद में तीन हजार रुपये नकद भी प्राप्त किए गए। कुल छह हजार रुपये लेने के बावजूद संबंधित कार्य पूरा नहीं किया गया।
साक्ष्यों के साथ दर्ज कराई शिकायत
पीड़ित ने अपनी शिकायत के समर्थन में लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य भी प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए हैं। शिकायत में कहा गया है कि कई बार संपर्क करने और अनुरोध के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। जिसके बाद उन्हें प्रशासन की शरण लेनी पड़ी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम आकांक्षा मिश्रा ने संबंधित लेखपाल को नोटिस जारी किया है। 24 घंटे के भीतर अपना पक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
एसडीएम ने तहसीलदार महेश कुमार को पूरे मामले की जांच सौंपी है। उन्होंने शीघ्र रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यदि जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लेखपाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। इस प्रकरण के सामने आने के बाद तहसील परिसर में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई को भ्रष्टाचार के आरोपों के प्रति सख्त रुख के रूप में देखा जा रहा है। वहीं अब क्षेत्रवासियों और शिकायतकर्ता की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









