कुशीनगर में स्ट्रीट लाइट पोल से टकराई बाइक: पति की मौत, पत्नी का इलाज जारी

जिले में तेज हवा और बारिश के बीच सड़क पर गिरे स्ट्रीट लाइट के पोल ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। रामकोला-नौरंगिया मार्ग पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान 55 वर्षीय सुरेंद्र यादव की मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी जोखनी देवी का इलाज जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
विशुनपुरा ब्लॉक के सिसवा गोईती गांव के अहिरौली टोला निवासी सुरेंद्र यादव अपनी पत्नी के साथ रामकोला नगर स्थित एक मैरेज हॉल में आयोजित मांगलिक कार्यक्रम से बाइक पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान धुआंटिकर के पास तेज हवा और बारिश के चलते स्ट्रीट लाइट का पोल सड़क पर गिर गया था। बारिश और अंधेरे के कारण सड़क पर पड़ा पोल दिखाई नहीं दिया और बाइक सीधे उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभासद ने भिजवाया अस्पताल
हादसे के समय वार्ड सभासद छोटेलाल भारती ग्रामीणों के साथ गिरे पोल को हटवाने के लिए संबंधित विभाग को सूचना देने का प्रयास कर रहे थे। दुर्घटना होते ही उन्होंने तत्काल 108 एंबुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामकोला पहुंचवाया। प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान सुरेंद्र यादव ने दम तोड़ दिया। वहीं, उनकी पत्नी का इलाज जारी है।
आवागमन बहाल, जांच शुरू
हादसे के बाद नगर पंचायत कर्मचारियों ने सड़क पर पड़े स्ट्रीट लाइट के पोल को हटाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









