कुशीनगर में बंद कमरे में साली की हत्या: फिर जीजा ने खुद को मारी गोली, एकतरफा प्यार में बना हैवान

तमकुहीराज क्षेत्र का बसडिला बुजुर्ग गांव बुधवार सुबह दहल उठा। बंद कमरे से लगातार गोलियों की आवाज आई। कुछ ही मिनटों में दो जिंदगियां खत्म हो गईं। युवक ने पहले अपनी साली को गोली मारी। इसके बाद खुद की कनपटी पर फायर कर लिया। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके से देसी पिस्टल बरामद की। देर रात हत्या का केस दर्ज हुआ।
जानकारी के अनुसार, बिहार के गोपालगंज जिले के धर्मचक गांव निवासी जितेंद्र प्रजापति की शादी पिछले साल हुई थी। उसकी ससुराल तमकुहीराज क्षेत्र के बसडिला बुजुर्ग गांव में है। मंगलवार शाम वह ससुराल पहुंचा था। रात में परिवार के साथ रुका भी था। बुधवार सुबह घर का माहौल सामान्य था। किसी को अनहोनी का अंदेशा नहीं था। सुबह करीब नौ बजे उसकी 18 वर्षीय साली नैना नाश्ता देने कमरे में गई। इसी दौरान जितेंद्र ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कुछ देर बाद दोनों के बीच तेज बहस शुरू हो गई। आवाज सुनकर नैना की मां मौके पर पहुंचीं। पड़ोस में रहने वाला चचेरा भाई भी वहां आ गया। दोनों ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की। लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज आई। घरवाले कुछ समझ पाते, उससे पहले दो और फायर हुए। लगातार तीन गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी जुट गए। लोगों ने खिड़की से अंदर झांका तो सभी सन्न रह गए। कमरे में जितेंद्र और नैना खून से लथपथ पड़े थे। सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।
पांच मिनट में खत्म हो गई दो जिंदगियां
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। तमकुहीराज पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। दोनों को मृत हालत में पाया गया। पुलिस ने बॉडी कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से एक देसी पिस्टल भी बरामद हुई। फोरेंसिक टीम ने कमरे की जांच की। पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। एएसपी सिद्धार्थ वर्मा और एसडीएम आकांक्षा मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परिवार के लोगों से पूछताछ की। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस अभी खुलकर कुछ बोलने से बच रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद तस्वीर साफ होगी।
बहस के बाद चली गोलियां
परिवार के लोगों ने बताया कि सुबह सबकुछ सामान्य था। किसी विवाद की जानकारी पहले नहीं थी। लेकिन कमरे के अंदर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद हालात अचानक बिगड़ गए। कुछ ही मिनटों में गोलियां चल गईं। जब तक लोग दरवाजा तोड़ते, दोनों की मौत हो चुकी थी। मृतका के पिता शंभू प्रजापति ने बताया कि गोली की आवाज सुनकर वह दौड़े थे। दरवाजा बंद था। आसपास के लोग भी जुट गए थे। खिड़की से अंदर देखा गया तो दोनों जमीन पर पड़े थे। यह दृश्य देखकर घर में चीख-पुकार मच गई। गांव के लोग भी दहशत में आ गए।

देर रात दर्ज हुआ हत्या का केस
तमकुहीराज पुलिस ने देर रात कार्रवाई की। मृतका की मां की तहरीर पर केस दर्ज किया गया। आरोपी दामाद जितेंद्र के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी लिखी गई। पुलिस का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है। घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा रहा। लोग इस वारदात से स्तब्ध नजर आए। एक ही कमरे में दो मौतों ने हर किसी को झकझोर दिया। पुलिस अब मोबाइल कॉल डिटेल और रिश्तों की पड़ताल कर रही है।
शादी में नहीं पहुंची नैना, बढ़ गई नाराजगी
एकतरफा प्यार में पागल युवक खूनी बन गया। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी शंभू प्रजापति की बड़ी बेटी बेबी की शादी पिछले साल हुई थी। उसका पति जितेंद्र प्रजापति बिहार के गोपालगंज जिले का रहने वाला था। शादी के बाद जितेंद्र विदेश चला गया था। इसी दौरान उसकी बातचीत साली नैना से बढ़ती गई। बताया जा रहा है कि वह नैना को लेकर जुनूनी हो गया था। परिवार के लोग भी उसके बदले व्यवहार से परेशान थे। परिजनों के मुताबिक, पांच मई को जितेंद्र की बहन की शादी थी। उसने खासतौर पर नैना को बुलाया था। लेकिन नैना शादी में शामिल नहीं हुई। इसी बात को लेकर वह नाराज चल रहा था। मंगलवार शाम वह अचानक ससुराल पहुंच गया। उस समय घर में सास गउदम देवी, दादी और बाबा मौजूद थे। रात में सभी ने साथ खाना खाया। इसके बाद सास और दामाद छत पर सोने चले गए। जबकि नैना नीचे कमरे में सो रही थी। बुधवार सुबह माहौल अचानक बिगड़ गया। तभी अचानक गोली चलने की आवाज आई। कुछ सेकंड बाद दूसरी गोली चली। घरवाले चीखने लगे।
गोली चलने के बाद भी देता रहा भरोसा
परिवार के लोग दरवाजा पीटते रहे। इसी दौरान अंदर से जितेंद्र की आवाज आई। उसने कहा कि एक मिनट में दरवाजा खोल देगा। उसने घरवालों को शांत रहने को कहा। लेकिन कुछ मिनट बाद फिर गोली चल गई। तीसरी गोली की आवाज सुनते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का दृश्य भयावह था। नैना और जितेंद्र खून से लथपथ पड़े थे। नैना के माथे और सीने पर गोली के निशान मिले। जबकि जितेंद्र की कनपटी से खून बह रहा था।

नैना को साथ ले जाने की जिद करता था जितेंद्र
मृतका की मां गउदम देवी ने पुलिस को अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जितेंद्र इस बार अजीब व्यवहार कर रहा था। वह लगातार नैना को साथ ले जाने की जिद कर रहा था। परिवार के लोगों को उसका रवैया पसंद नहीं आ रहा था। पुलिस की शुरुआती जांच में भी दोनों के बीच बातचीत की पुष्टि हुई है। हालांकि, परिवार इस रिश्ते को लेकर खुलकर कुछ नहीं बोल रहा। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जितेंद्र नैना से शादी करना चाहता था। लेकिन नैना और परिवार इसके खिलाफ थे। इसी वजह से तनाव बढ़ता गया। पुलिस ने दोनों के मोबाइल कब्जे में ले लिए हैं। कॉल डिटेल और चैट रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
पढ़ाई में तेज थी नैना
18 वर्षीय नैना पढ़ाई में काफी होनहार थी। वह हाईस्कूल की छात्रा थी। साथ ही एक निजी स्कूल में छोटे बच्चों को पढ़ाती थी। गांव के लोग उसे शांत स्वभाव की लड़की बताते हैं। उसकी मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।
बेटी की सुरक्षा को लेकर डरी मां
घटना के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई। मृतक जितेंद्र की पत्नी बेबी उस समय बिहार में ससुराल में थी। खबर मिलने के बाद भी ससुराल पक्ष ने उसे मायके नहीं भेजा। इस पर मां गउदम देवी घबरा गईं। उन्होंने पुलिस से बेटी की सुरक्षा की गुहार लगाई। इसके बाद तमकुहीराज पुलिस की टीम बिहार रवाना हुई। शाम तक पुलिस बेबी को गांव लेकर पहुंची। पति और बहन की मौत से बेबी टूट गई थी। उसकी हालत बेहद खराब थी। वह किसी से बात करने की स्थिति में नहीं थी। गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला एकतरफा प्यार का लग रहा है। पुलिस हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










