सीएम योगी का विपक्ष पर हमला: बोले- यूपी से माफिया और मच्छर दोनों खत्म किए, 424 करोड़ के प्रोजेक्ट्स की मिली सौगात

कुशीनगर|56 मिनट पहले
बोले- यूपी से माफिया और मच्छर दोनों खत्म किए, 424 करोड़ के प्रोजेक्ट्स की मिली सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर दौरे के दौरान विपक्ष पर तीखा राजनीतिक प्रहार किया। कहा कि उत्तर प्रदेश में अब माफिया और मच्छर दोनों का सफाया किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि मच्छर बीमारियां फैलाते हैं। जबकि माफिया बेरोजगारी, भय और अराजकता का माहौल पैदा करते हैं। प्रदेश सरकार ने दोनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर जनता को सुरक्षित और विकासोन्मुख वातावरण उपलब्ध कराया है। मुख्यमंत्री ने 424 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हुए बदलावों का उल्लेख किया। कहा कि कुछ वर्ष पहले तक उत्तर प्रदेश भ्रष्टाचार, अपराध और अव्यवस्था की पहचान बन चुका था। किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिलता था। गन्ना पर्ची के लिए महीनों भटकना पड़ता था। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने पारदर्शी व्यवस्था लागू कर किसानों, युवाओं और गरीब वर्गों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

ब्रह्मोस मिसाइल का जिक्र कर पाकिस्तान पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में रक्षा क्षेत्र में हो रही प्रगति का उल्लेख किया। सीएम ने कहा कि पाकिस्तान की छाती पर दागी जाने वाली ब्रह्मोस मिसाइल अब लखनऊ में निर्मित हो रही है। उन्होंने कहा कि जब ब्रह्मोस मिसाइल का परीक्षण या उपयोग होता है तो पाकिस्तान घबराकर बचाव की गुहार लगाने लगता है। मुख्यमंत्री ने इसे आत्मनिर्भर भारत और उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति का प्रतीक बताया। कहा कि रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में प्रदेश नई पहचान स्थापित कर रहा है।

फाजिलनगर का नाम पावागढ़ करने का ऐलान

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान फाजिलनगर का नाम बदलकर पावागढ़ किए जाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने वोट बैंक की राजनीति के कारण प्रदेश के विकास को बाधित किया। गरीब, पिछड़े तथा वंचित वर्गों को उनके अधिकारों से दूर रखा। योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार गन्ना किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है। गन्ने का मूल्य 400 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है।

गोरखपुर सांसद रविकिशन ने कार्यक्रम में लोगों को किया संबोधित।
गोरखपुर सांसद रविकिशन ने कार्यक्रम में लोगों को किया संबोधित।

रविकिशन ने भोजपुरी अंदाज में बांधा समां

कार्यक्रम में गोरखपुर सांसद रविकिशन भी अपने अलग अंदाज में नजर आए। उन्होंने कहा कि कुशीनगर को 424 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने भोजपुरी गीतों के माध्यम से राजनीतिक संदेश दिया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की सराहना की। उनके गीतों और संवादों पर सभा में मौजूद लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रतिक्रिया दी। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान, युवा और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।