शादी के कुछ दिन बाद मायके लौटी दुल्हन: प्रेमी पर परिवार तोड़ने का आरोप, पिता ने बेटी की शादी के लिए बेची थी जमीन

कुशीनगर|12 घंटे पहले
 प्रेमी पर परिवार तोड़ने का आरोप, पिता ने बेटी की शादी के लिए बेची थी जमीन

दुदही क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है। जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है। शादी के महज कुछ दिन बाद दुल्हन के मायके लौट आने से दोनों परिवारों में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। पीड़िता ने अपने प्रेमी कृष्णा पर मानसिक दबाव बनाने, आत्महत्या की धमकी देने और वैवाहिक जीवन में दखल देने का आरोप लगाया है। युवती के मुताबिक, परिवार ने उसकी शादी बिहार में तय कर दी थी। युवक ने पहले उसे किसी और से शादी कर लेने की बात कही थी, लेकिन बाद में खुद उससे शादी करने की जिद पर अड़ गया। अब मामला पुलिस तक पहुंच गया है और परिवार न्याय की मांग कर रहा है।

मुस्कान भारती ने बताया कि शादी की तैयारियों के दौरान भी कृष्णा लगातार उसके संपर्क में था। उसने खरीदारी में भी साथ दिया और उसकी पसंद के कपड़े व गृहस्थी का सामान खरीदवाने में मदद की। युवती का कहना है कि हल्दी कार्यक्रम के दिन भी युवक उससे शादी करने की बात कर रहा था, लेकिन परिवार वालों के समझाने पर मामला शांत हो गया। सात मई को बिहार से बारात आई और पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह संपन्न हुआ। अगले दिन जब विदाई हुई, तब भी युवक बाइक से करीब दस किलोमीटर तक कार का पीछा करता रहा और इशारों में पति से दूरी बनाए रखने की बात कहता रहा।

रिश्तेदार बनकर किया फोन

पीड़िता के अनुसार शादी के अगले दिन कृष्णा ने रिश्तेदार बनकर उसके ससुराल फोन किया और बात कराने की मांग की। फोन पर उसने आत्महत्या करने की धमकी देते हुए युवती को वापस बुलाया और उससे शादी करने की बात कही। मानसिक दबाव और भावनात्मक तनाव के चलते युवती मायके लौट आई। हालांकि बाद में जब उसने युवक से शादी करने की बात कही, तो उसके परिवार ने उसे अपनाने से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद कृष्णा घर छोड़कर फरार हो गया।

बेटी की शादी के लिए पिता ने बेची जमीन

इस पूरे मामले ने युवती के परिवार को आर्थिक और मानसिक रूप से झकझोर दिया है। युवती ने बताया कि उसके माता-पिता मजदूरी करके परिवार चलाते हैं और छोटी-सी आय में किसी तरह घर का खर्च उठाते हैं। बेटी की शादी के लिए परिवार ने करीब आठ लाख रुपये खर्च किए और दो कट्ठा जमीन तक बेच दी। अब शादी टूटने और बेटी के वापस लौट आने से परिवार गहरे सदमे में है।

पीड़िता के पिता ने दी तहरीर

पीड़िता के पिता ने विशुनपुरा थाने में तहरीर देकर आरोपी युवक और उसके परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

वेबसाइट पर ही पढ़ें