पारिवारिक विवाद में बुजुर्ग महिला की मौत: बहू, पोते और पत्नी पर मारपीट का आरोप, शराब के नशे में विवाद शुरू

कप्तानगंज क्षेत्र अंतर्गत खभराभार गांव के करनहा टोला में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जिसमें 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला अदालती देवी की मौत हो गई है। जबकि उनके 80 वर्षीय पति मेवा साहनी गंभीर रूप से घायल हो गए है। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, करनहा टोला निवासी विनोद साहनी शराब के नशे में घर पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने अपने बड़े बेटे से छोटे बेटे से फोन पर बात कराने की जिद की। जो इस समय ससुराल गया हुआ था। देर रात होने के कारण परिवार के सदस्यों ने सुबह बात कराने की सलाह दी। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मारपीट में बुजुर्ग दंपति भी चपेट में आए
आरोप है कि इसी विवाद के दौरान विनोद की पत्नी, बेटा और बहू उनसे उलझ गए। लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची उनकी मां अदालती देवी और पिता मेवा साहनी भी विवाद की चपेट में आ गए। इसी दौरान धक्का लगने से अदालती देवी जमीन पर सिर के बल गिर गईं। जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। मौके पर ही उनकी हालत बिगड़ गई। जबकि मेवा साहनी भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर अदालती देवी को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मेवा साहनी को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जबकि विनोद साहनी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। पोस्टमॉर्टम के बाद मृत्यु का स्पष्ट कारण सामने न आने पर विसरा सुरक्षित रख लिया गया है। घटना के बाद आरोपी पत्नी, बेटा और बहू फरार बताए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









