शादी के पांच दिन बाद प्रेमी के घर पहुंची युवती: गांव में दिनभर चलता रहा हाईवोल्टेज ड्रामा, चार साल से था प्रेम संबंध

कुशीनगर|18 मई 2026
 गांव में दिनभर चलता रहा हाईवोल्टेज ड्रामा, चार साल से था प्रेम संबंध

विशुनपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार को प्रेम प्रसंग, शादी और सामाजिक विवाद से जुड़ा एक मामला चर्चा का विषय बना रहा। शादी के महज पांच दिन बाद एक नवविवाहिता अपने कथित प्रेमी के घर पहुंचकर धरने पर बैठ गई। युवती का आरोप है कि युवक पिछले चार वर्षों से उससे प्रेम संबंध में था और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। युवती का कहना है कि परिवार के दबाव में उसकी शादी बिहार में कर दी गई। लेकिन शादी के बाद भी युवक लगातार संपर्क में रहा और उसे पति से दूर रहने के लिए उकसाता रहा। सोमवार सुबह से युवती प्रेमी के घर के बाहर बैठी रही, जिससे गांव में भारी भीड़ जुट गई और पूरे दिन मामला चर्चा का केंद्र बना रहा।

कतौरा गांव निवासी मुस्कान भारती ने आरोप लगाया कि गौरी श्रीराम गांव के रहने वाले कृष्णा कुशवाहा से उसका करीब चार साल से प्रेम संबंध था। दोनों की मुलाकात स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी और धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। युवती का दावा है कि कृष्णा ने उससे शादी का वादा किया था और इसी भरोसे पर उसने संबंध बनाए। मुस्कान के अनुसार, जब परिवार वालों ने उसकी शादी बिहार में तय की, तब शुरुआत में कृष्णा ने उसे कहीं और शादी करने के लिए कहा, लेकिन बाद में वह खुद उससे शादी करने की जिद करने लगा। युवती ने बताया कि शादी की तैयारियों और खरीदारी के दौरान भी कृष्णा लगातार उसके साथ रहा। उसने कपड़ों से लेकर घरेलू सामान तक की खरीदारी में मदद की और शादी से पहले तक लगातार संपर्क में बना रहा।

विदाई के बाद भी करता रहा पीछा और फोन

युवती ने बताया कि सात मई को बिहार से बारात आई और अगले दिन उसकी विदाई हुई। आरोप है कि विदाई के बाद कृष्णा बाइक से उसका पीछा करता रहा। उसने रास्ते में इशारों के जरिए उसे पति से दूरी बनाए रखने को कहता रहा। मुस्कान का कहना है कि शादी के अगले ही दिन कृष्णा ने रिश्तेदार बनकर उसके ससुराल फोन किया। उसने मुझसे बात करने की कोशिश की। पीड़िता के मुताबिक, फोन पर युवक ने खुद को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। कहा कि वह उसी से शादी करेगा। इन घटनाओं के बाद युवती मानसिक रूप से परेशान हो गई और मायके लौट आई। हालांकि जब उसने कृष्णा और उसके परिवार से शादी की बात कही, तो युवक के परिजनों ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद कृष्णा घर छोड़कर फरार हो गया।

मौके पर पहुंची पुलिस

सोमवार सुबह युवती प्रेमी के घर पहुंचकर दरवाजे पर बैठ गई और न्याय की मांग करने लगी। इस दौरान गांव में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। युवक के परिजनों ने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया और युवती को वहां से हटाने की मांग की। युवती की मां ममता ने कहा कि उनकी बेटी पूरी तरह टूट चुकी है और उसे न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक की वजह से उनकी बेटी का वैवाहिक जीवन बर्बाद हो गया। वहीं पुलिस ने बताया कि मामले की जानकारी ली जा रही है और दोनों पक्षों से बातचीत कर कानूनी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में इस प्रेम कहानी और पारिवारिक विवाद को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

वेबसाइट पर ही पढ़ें