कुशीनगर में ट्रक से कुचलकर बुजुर्ग की मौत: ओवरटेक के प्रयास में साइकिल को मारी टक्कर, चालक वाहन लेकर फरार

कुशीनगर|13 अगस्त 2026
ओवरटेक के प्रयास में साइकिल को मारी टक्कर, चालक वाहन लेकर फरार

कुशीनगर के तमकुहीराज तहसील गेट के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (एनएच-27) पर गुरुवार सुबह करीब 9:45 बजे एक सड़क हादसे में साइकिल सवार बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मृतक की पहचान तमकुहीराज थाना क्षेत्र के परसौनी बुजुर्ग निवासी दूधनाथ कुशवाहा (55 वर्ष) के रूप में हुई है। वे किसी बीमारी की दवा लेने के लिए तहसील रोड स्थित मेडिकल स्टोर जा रहे थे। एनएच-27 पार करते समय एक तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक के प्रयास में उनकी साइकिल को टक्कर मार दी।

ट्रक का पहिया सिर के ऊपर होके निकला

टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े और ट्रक का अगला पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा अचानक हुआ और ट्रक चालक तुरंत वाहन लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तमकुहीराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल किया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे।

ट्रक चालक की पहचान कर रही पुलिस

तमकुहीराज एसएचओ गिरजेश उपाध्याय ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।