कुशीनगर में कसया की घटना के बाद एसपी की बड़ी कार्रवाई: 28 पुलिसकर्मियों को किया लाइनहाजिर, थानों पर थी सभी की तैनाती

कुशीनगर के पुलिस अधीक्षक (SP) केशव कुमार ने कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने और दागी छवि के कारण एक इंस्पेक्टर और चार दारोगा समेत 28 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। कसया थाने में तैनात दो सिपाहियों द्वारा की गई बेहद शर्मनाक करतूत के बाद एसपी ने जिले के दागी और लापरवाह पुलिसकर्मियों की एक सूची तैयार करवाई थी, जिस पर गुरुवार देर रात यह बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई।
उमाशंकर यादव और महेंद्र यादव पर शराब के नशे में एक ढाबा संचालक से अभद्रता करने, पैसे और लड़की की अनुचित मांग करने का गंभीर आरोप लगा था। मांग पूरी न होने पर उन्होंने घर में घुसकर मारपीट की और पड़ोस की महिलाओं से छेड़खानी व उनका अपहरण करने का प्रयास किया। इस घटना के बाद एसपी केशव कुमार ने तुरंत कड़ा रुख अपनाते हुए दोनों आरोपी सिपाहियों को निलंबित कर जेल भेज दिया था। खाकी को दागदार करने वाले इस मामले के बाद ही जिले के अन्य दागी कर्मियों की सूची तैयार की गई थी।
लाइनहाजिर पुलिसकर्मियों की सूची
बृहस्पतिवार की रात एसपी ने चुनाव सेल के प्रभारी मनोज पंत, हनुमानगंज थाने पर तैनात दरोगा संतोष कुमार यादव, पडरौना कोतवाली में तैनात अजय कुमार सिंह,पटहेरवा थाने पर तैनात राहुल कुमार राय, तरयासुजान थाने पर तैनात नागेंद्र गौड, इसके अलावा कांस्टेबल,हेड कास्टेबल आशुतोष कुमार द्विवेदी, रमाशंकर यादव, जयराम यादव, धर्मेंद्र कुमार सिंह, सुरेंद्र कुमार, शिव कुमार यादव,जालंधर चौहान, अरुण कुमार, विवेक कुमार राय, मदन प्रसाद, आदित्य राजभर, अरविंद यादव, विजय कुमार यादव, रवि सिंह, मोहम्मद अकबर खा, रामभोज साहनी, सोनू भारती, धर्मचंद्र राय, लछ्मण यादव,सचिन कुमार यादव,आशुतोष कुमार विश्वकर्मा, सूर्यनाथ यादव, संदीप शर्मा को लाइन हाजिर किया गया है।
पहले भी हो चुकी कार्रवाई
इन सभी पुलिसकर्मियों पर कोई न कोई कार्रवाई हुई है। सभी की तैनाती थनों पर थी। चुनाव सेल प्रभारी रहे मनोज पंत पर नोएडा में लूट का प्राथमिकी दर्ज है,मामला कोर्ट में ट्रायल में चल रहा है। इसके अलावा कार्रवाई की जद में आए अन्य पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप में कार्रवाई हुई है।
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
इस बड़ी सामूहिक कार्रवाई के बाद से पूरे कुशीनगर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। एसपी केशव कुमार ने सख्त संदेश दिया है कि जनता के साथ दुर्व्यवहार, भ्रष्टाचार या दायित्वों के प्रति लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी स्थानांतरित कर्मियों को तुरंत पुलिस लाइन में अपनी आमद दर्ज कराने का आदेश जारी कर दिया गया है।










