जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, आठ घायल: चूल्हा बनाने को लेकर भड़की हिंसा, गांव में तनाव

पडरौना कोतवाली क्षेत्र के खरसाल बबुईया गांव स्थित खैरा टोला में आबादी की जमीन को लेकर वर्षों से चला आ रहा विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। विवादित भूमि पर चूल्हा बनाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। संघर्ष में एक महिला समेत आठ लोग घायल हो गए। वहीं एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव की आबादी की जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। एक पक्ष का दावा है कि विवादित भूमि पर उनका छप्पर रखा हुआ है। जबकि दूसरा पक्ष कोर्ट से प्राप्त स्थगन आदेश का हवाला देकर जमीन पर अपना अधिकार जता रहा है। इसी विवाद के बीच बुधवार रात कुशवाहा परिवार की एक महिला द्वारा उक्त स्थान पर चूल्हा बनाए जाने का प्रयास किया गया। दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया। जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते बहस ने उग्र रूप धारण कर लिया और लाठी-डंडों से हमला शुरू हो गया। जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर
हिंसक झड़प में एक पक्ष से पिंटू कुशवाहा, जितेंद्र, उदियाचंद, नर्सिंग तथा दो महिलाएं घायल हुईं। जबकि दूसरे पक्ष से नैमूल, शाबीर और अतिउल्लाह को चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विशुनपुरा पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल पिंटू कुशवाहा समेत कुछ लोगों को मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार पिंटू की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उनका इलाज जारी है।
पुलिस जुटी जांच में
घटना के बाद गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है। मेडिकल रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









