कार में बंद हो गया मासूम: तलाश में भटकते रहे परिजन, दम घुटने से हुई दर्दनाक मौत

कोतवाली थाना क्षेत्र के गुलेरहा गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घर के बाहर खड़ी कार में अनजाने में बंद हो गए पांच वर्षीय मासूम की दम घुटने से मौत हो गई। घटना की सबसे मार्मिक बात यह रही कि परिजन करीब दो घंटे तक बच्चे को गांव और आसपास के क्षेत्रों में तलाशते रहे। जबकि वह घर के बाहर खड़ी कार के भीतर ही फंसा हुआ था। जब तक परिवार को वास्तविक स्थिति का पता चला, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मासूम को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गुलेरहा गांव निवासी मंजनू अंसारी विदेश में नौकरी करते हैं। गांव स्थित घर पर उनकी पत्नी, दो बच्चे और भाई का परिवार रहता है। परिवार के सदस्य कार से बाजार गए थे। करीब दो बजे घर लौटने के बाद सभी लोग वाहन से सामान उतारने में व्यस्त हो गए। इसी दौरान मंजनू अंसारी का पांच वर्षीय पुत्र अनस चुपचाप कार में जाकर बैठ गया। परिजनों को इसकी भनक तक नहीं लगी। सामान उतारने के बाद कार को लॉक कर दिया गया। इसके बाद सभी लोग घर के भीतर चले गए।
बच्चे की तलाश में जुटे लोग
कुछ समय बाद घर में अनस के नहीं दिखने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पहले घर और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की गई। लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बच्चे के अचानक गायब होने से चिंतित परिवार ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को भी सूचना दे दी। इसके बाद गांव के लोग भी बच्चे की तलाश में जुट गए। लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद उसका पता नहीं चल सका।
कार का दरवाजा खुलते ही सामने आया दर्दनाक दृश्य
शाम करीब चार बजे परिजनों ने थाने जाकर गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराने का निर्णय लिया। इसके लिए जैसे ही कार का दरवाजा खोला गया, अंदर अनस अचेत अवस्था में पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
बंद वाहन बन सकते हैं जानलेवा
एक्सपर्ट के अनुसार, तेज धूप में खड़ी बंद कार के भीतर का तापमान बेहद तेजी से बढ़ जाता है। ऐसे में ऑक्सीजन का स्तर प्रभावित होने और अत्यधिक गर्मी के कारण छोटे बच्चों के लिए स्थिति जानलेवा बन सकती है। कोतवाल ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि बच्चा गलती से कार के अंदर बंद हो गया था। इससे दम घुटने के कारण उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









