कुशीनगर में पेट्रोल पंप पर कार से कुचलने की कोशिश: विवाद के बाद दो युवकों पर केस दर्ज, आरोपियों पर कर्मचारियों को धमकाने का आरोप

रामकोला में पेट्रोल पंप पर देर रात कार सवार दो युवकों और कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। पेट्रोल भरवाने के बाद दोनों युवकों पर लूट के प्रयास, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पेट्रोल पंप संचालक का आरोप है कि पुलिस बुलाने की बात कहने पर युवकों ने कार उनकी और कर्मचारियों की ओर तेजी से दौड़ा दी और कुचलने की कोशिश की। संचालक नवीन प्रताप सिंह की शिकायत पर पुलिस ने दोनों अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संचालक के मुताबिक कार सवार दो युवक वहां पहुंचे और वाहन में तेल भरवाया। इसके बाद किसी बात को लेकर कर्मचारियों और संचालक से उनकी बहस होने लगी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने लूटपाट की कोशिश की। विरोध करने पर दोनों कार के अंदर से गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस बुलाने की बात पर दौड़ा दी कार
नवीन प्रताप सिंह ने जब पुलिस को सूचना देने की बात कही तो आरोप है कि दोनों युवकों ने कार उनकी और कर्मचारियों की ओर तेज गति से बढ़ा दी। कार से कुचलने की कोशिश के दौरान संचालक और कर्मचारियों ने किसी तरह हटकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद पेट्रोल पंप पर भय का माहौल बन गया। संचालक ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी लेने के बाद लिखित शिकायत देने को कहा।
सीसीटीवी फुटेज से पहचान में जुटी पुलिस
नवीन प्रताप सिंह ने रामकोला थाने में शिकायत दी, जिसके आधार पर केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस कार के नंबर के जरिए आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज हुआ है। जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।











