कुशीनगर में अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत: लगातार सड़क हादसों से भड़का भारी आक्रोश, गुस्साए लोगों ने चालक को पकड़कर पीटा

पडरौना-कप्तानगंज मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने अलग-अलग स्थानों पर तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। रामकोला थाना क्षेत्र में हुए इन हादसों में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 15 वर्षीय किशोर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। लगातार हादसों से आक्रोशित लोगों ने ट्रक को घेरकर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
पुलिस के अनुसार ट्रक पडरौना-रामकोला मार्ग से रामकोला की ओर जा रहा था। मेंहदीगंज के पास अब्दुलचक के सामने सोनवल पडरौना निवासी मोतीलाल (पुत्र रामचंद्र) ट्रक की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद चालक ट्रक लेकर रामकोला की तरफ आगे बढ़ता रहा।
साइकिल सवार किशोर को भी रौंदा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, तेज रफ्तार ट्रक ने कुछ दूरी पर दूसरा हादसा कर दिया। धनौजी खास निवासी 15 वर्षीय चंद्रेश पुत्र पारस साइकिल से अपनी बहन के घर चंदरपुर जा रहा था। इसी दौरान ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल चंद्रेश को राहगीरों ने एंबुलेंस से रामकोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
गोबरी चौराहे पर तीसरी जान गई
दो हादसों के बाद भी ट्रक चालक नहीं रुका और आगे बढ़ता रहा। रामकोला से आगे लक्ष्मीगंज के पास गोबरी चौराहे पर ट्रक ने एक और व्यक्ति को टक्कर मार दी। ग्राम पंचायत रामबर, परतावल निवासी सुभाष पुत्र महेंद्र पांडेय की हादसे में मौके पर ही मौत हो गई।
आक्रोशित लोगों ने चालक को पकड़ा
लगातार तीन हादसों के बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने ट्रक को घेरकर रोक लिया और चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही रामकोला पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए। ट्रक भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। रामकोला थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसों के कारण, ट्रक की गति और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए चालक से पूछताछ जारी है। जांच के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।











