कुशीनगर में रेलवे ट्रैक किनारे मिला युवक का कटा शव: दो हिस्सों में बंटा था शरीर, शिनाख्त के प्रयास जारी

कप्तानगंज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह रेलवे लाइन किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। भीउरा गांव के पास ट्रैक के किनारे करीब युवक का शव दो हिस्सों में कटा मिला। आशंका है कि युवक ट्रेन की चपेट में आया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह नित्य क्रिया के लिए रेलवे लाइन की तरफ गए ग्रामीणों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। युवक की पहचान नहीं हो सकी है।
सुबह आसपास के लोग रेलवे लाइन की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर ट्रैक के किनारे पड़े युवक के शव पर पड़ी। शरीर दो हिस्सों में बंटा हुआ था। ग्रामीणों ने तत्काल रेलवे पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस के साथ बोदरवार चौकी इंचार्ज विवेक कुमार पांडेय कांस्टेबल मुकेश यादव के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर युवक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव का पंचनामा कराया। इसके बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। युवक की पहचान के लिए पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है। बोदरवार चौकी इंचार्ज विवेक कुमार पांडेय ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











