ट्रांसफार्मर विस्फोट से घर में लगी आग: माता-पिता और मासूम गंभीर रूप से झुलसे, चार दिन से निकल रहा था धुआं

कुशीनगर|1 घंटा पहले
माता-पिता और मासूम गंभीर रूप से झुलसे, चार दिन से निकल रहा था धुआं

पड़रौना ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोहड़ा में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। गांव में स्थापित 63 केवीए के विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक हुए विस्फोट के बाद निकली आग और गर्म तेल की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें विस्फोट के बाद मलबा दूर तक उड़ता दिखाई दे रहा है। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, घर के सामने सड़क किनारे लगभग 10 मीटर की दूरी पर लगा ट्रांसफार्मर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि ट्रांसफार्मर का मलबा और गर्म तेल उड़कर पास स्थित मकान तक पहुंच गया। देखते ही देखते घर में आग लग गई। वहां मौजूद परिवार के सदस्य इसकी चपेट में आ गए। हादसे में महेश्वर सिंह (35), उनकी पत्नी अंगिरा देवी (33) और पांच वर्षीय पुत्र दिव्यांशु गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं, सात वर्षीय पुत्र शौरभ सिंह को मामूली चोटें आईं और उसके सिर के कुछ बाल झुलस गए। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

ग्रामीणों ने बचाई जान

घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का काफी प्रयास किया। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए कुशीनगर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), एसडीएम और पुलिस क्षेत्राधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे तथा घायलों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया।

शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं

ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित ट्रांसफार्मर से पिछले चार दिनों से लगातार धुआं निकल रहा था। इसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग के कर्मचारियों और जूनियर इंजीनियर से की गई थी। लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत या बदलाव करने पर यह हादसा टाला जा सकता था। बताया जा रहा है कि यह ट्रांसफार्मर कुबेरस्थान विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत आता है। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।